अगवा कर नाबालिग से किया दुष्कर्म
अहार। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी बीते दिनों संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। सोमवार को किशोरी की बरामदगी के बाद उसके पिता ने थाने में तहरीर देकर एक युवक पर अपहरण और दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया कि गत 13 मई को घर पर उसकी पुत्री अकेली मौजूद थी। आरोप है कि इस दौरान पड़ोस में ही रहने वाला एक युवक घर पर आया और उनकी पुत्री को शादी का झंासा दिया। साथ ही आरोपी पीड़ित की नाबालिग पुत्री को बहला फुसलाकर अपने साथ अपहरण कर ले गया। काफी खोजबीन के बाद भी पीड़ित की पुत्री का कहीं कोई सुराग नहीं लग सका था। सोमवार को पीड़ित की पुत्री अवंतिका देवी चौराहे पर अकेली मौजूद मिली है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि आरोपी युवक ने उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया है। साथ ही अब आरोपी पीड़िता को छोड़कर फरार हो गया है। अहार थाना प्रभारी शौकेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। जल्द ही आरोपी युवक को दबोच कर मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।