आविप अधिकारियों ने किया शिखर एंक्लेव सोसायटी का निरीक्षण
- लोगों की शिकायत पर जन समस्याएं जानने पहुंचे थे आविप अधिकारी
- लोगों की समस्याएं सुन, जल्द उसका निवारण करने का दिलाया विश्वास
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। वसुंधरा सेक्टर-15 स्थित शिखर एंक्लेव में बृहस्पतिवार को आवास विकास परिषद के अधिकारी स्थानीय समस्याओं का जायजा लेने पहुंचे। सोसायटी में सीवेज सिस्टम के साथ ही तमाम मेंटेनेंस संबंधी समस्याओं से अधिकारी को स्थानीय रेजिडेंट ने अवगत कराया। अधिकारियों ने शीघ्र समाधान का भरोसा दिया।
अधिकारियों के निरीक्षण में स्थानीय लोगों द्वारा की गई शिकायतों को सही पाया गया। सोसायटी में रह रहे रेजिडेंट्स ने अधिकारियों को आविप द्वारा प्रोजेक्ट में क्या-क्या कमी रह गई है, यह गिनाया। लोगों ने अधिकारियों को बताया कि सोसायटी में अब तक क्लब हाउस पूरा नहीं हो सका है। सोसायटी में अब तक भी गंगाजल की आपूर्ति नहीं हो रही है जबकि प्रोजेक्टस में इसका प्रस्ताव है। इसके साथ ही सोसायटी में वर्तमान में सीवर जाम की समस्या, स्ट्रीट लाइटों का टूटा होना, लाचार सिक्योरिटी व्यवस्था के साथ ही पार्किंग के अधूरे कार्य, से अवगत कराया गया। लोगों से बातचीत के दौरान अधिशासी अभियन्ता राजेश रंजन ने निवासियों को भरोसा दिलाया कि इन सभी समस्याओं का निवारण जल्द ही कर दिया जाएगा। इस दौरान रेजिडेंट्स ने अधिकारियों को यह भी बताया कि सोसायटी में पिछले तीन वर्षों से नहीं हुए हैं जिसके लिए रेजिडेंट्स कई बार डिमांड कर चुके हैं। सोसायटी रेजिडेंट्स ने आविप अधिकारियों को बताया कि जब तक सोसायटी में एओए का नए सिरे से चुनाव नहीं हो जाता तब तक सोसायटी का कैंपस फंड जो लगभग तीन करोड़ रुपया उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद में जमा है रिलीज़ ना किया जाए। स्थानीय लोगों ने अधिकारी को बताया कि वर्तमान में जो एओए यहां काम कर रही है उसका कार्यकाल दो वर्ष से भी अधिक समय पहले ख़त्म हो चुका है। रेजिडेंट्स ने कहा कि पुरानी एओए बिना चुनाव के कुछ लोगों द्वारा ही मनोनीत कर दी गई थी, ऐसे में यहां नए सिरे से चुनाव होना अनिवार्य है। सोसायटी का निरीक्षण करने पहुंचे अधिशासी अभियंता राजेश रंजन ने बताया कि जो छोटी-छोटी परेशानी है उसे आविप द्वारा दुरुस्त कर दिया जाएगा। रेजिडेंट्स की मांग पर अब आविप में जमा आरडब्ल्यूए का पैसा नई एओए कार्यकारिणी गठित होने पर ही रिलीज किया जाएगा। इस दौरान टीम शिखर से वीएस तोमर, सुनील कुमार, राजेश पवार, बीसी लोहानी व संदीप कुमार गुप्ता आदि भी मौजूद रहे।