कार ने स्कूटी में टक्कर मारी, पिता-पुत्री घायल
गाजियाबाद। मिसल गढ़ी से स्कूटी पर सवार होकर एमएमएच कालेज में परीक्षा देने जा रही छात्रा और उसके पिता सड़क हादसे में घायल हो गए। तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। घायल पिता-पुत्री को स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। हादसे की वजह से छात्रा की परीक्षा छूट गई। उसकी सांस की नली और आहार नाल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। घटना के बाद आरोपी कार चालक फरार हो गया।
मूलरूप से मिसल गढ़ी के रहने वाले देवराज (52) टेलर का काम करते हैं। उनके दो बेटे और एक बेटी है। सुबह देवराज और बेटी शशि (21) को लेकर परीक्षा देने के लिए स्कूटी से कालेज ले जा रहे थे। जीटी रोड से एमएमएच कालेज की ओर टर्न लेते समय तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। पिता-पुत्री दोनों काफी दूर जाकर गिरे और बुरी तरह घायल हो गए। घटना की जानकारी पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक छात्रा की हालत गंभीर है। उसे आईसीयू में रखा गया है। छात्रा के अन्य परिजन भी अस्पताल पहुंचे। भाई ओमबीर सिंह ने बताया कि सुबह घर से बहन शशि का बीकाम प्रथम सेमेस्टर का पेपर दिलवाने जाते समय हादसा हुआ। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लोगों ने आरोपी कार चालक को पकड़ लिया था, लेकिन बाद में वह अस्पताल से फरार हो गया। कोतवाली एसएचओ जयकरण सिंह ने बताया कि छात्रा परिजनों ने आरोपी कार चालक के खिलाफ तहरीर दी है। चालक की तलाश की जा रही है।