गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन के रहने वाले सुभाष त्यागी को स्टील की सप्लाई करने का सौदा कर करीब 15 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। उन्होंने देहरादून में स्टील उपलब्धता के लिए इंटरनेट से सप्लायर का नंबर निकालकर संपर्क किया था जो उन्हें महंगा पड़ गया। माल नहीं मिलने पर उन्होंने साइबर अपराध थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस को दी शिकायत में सुभाष त्यागी ने बताया कि उन्हें देहरादून में स्टील की जरूरत थी। इसके लिए उन्होंने इंटरनेट पर स्टील मुहैया कराने वाली फर्म का नंबर तलाशा। वहां से मिले एक मोबाइल नंबर पर उन्होंने बात की तो फोन उठाने वाले ने खुद को जिंदल स्टील पावर लिमिटेड का कर्मचारी बताया और बिल व रेट आनलाइन माध्यम से उनके पास भेजे। इसके बाद उनसे एडवांस भुगतान के नाम पर एक बार छह लाख रुपये, दूसरी बार में 5.48 लाख रुपये और तीसरी बार में 3.51 लाख रुपये ले लिए लेकिन इसके बाद स्टील की सप्लाई नहीं की गई तो उन्होंने उसी नंबर पर संपर्क किया। ऐसे में उनसे और रकम की मांग की गई तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ।
एडीसीपी अपराध सच्चिदानंद ने बताया कि मामले में ठगी गई रकम को फ्रीज कराने का प्रयास किया जा रहा है। शातिरों को ट्रेस करने के लिए भी टीम लगी हैं।