त्योहार पर घर जाने वालों राहत, चलेंगी फेस्टिव स्पेशल ट्रेन
दिवाली और छठ पर्व पर घर जाने के लिए अगर आपको ट्रेन में रिजर्वेशन नहीं मिल रहा है तो आपके लिए अच्छी खबर है। रेलवे ने त्योहारों के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।
नई दिल्ली, आनंद विहार से दरभंगा, गया, गोरखपुर समेत कई शहरों के लिए स्पेशल ट्रेन संचालित करने के लिए शेड्यूल जारी कर दिया है। सितंबर महीने से इन ट्रेनों का संचालन शुरू होगा और अक्तूबर के अंत तक यह ट्रेन चलेंगी। आनंद विहार-सहरसा स्पेशल ट्रेन का स्टॉपेज गाजियाबाद में भी दिया गया है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक नई दिल्ली से बरौनी, दिल्ली से दरभंगा, आनंद विहार से गया, आनंद विहार से गोरखपुर, आनंद विहार से जयनगर, आनंद विहार से सहरसा, चंडीगढ़ से गोरखपुर समेत कई रूटों पर ट्रेनों को चलाया जाएगा।
इन ट्रेनों का संचालन सितंबर के पहले सप्ताह से शुरू हो जाएगा। ट्रेनों में रिजर्वेशन शुरू कर दिया गया है। आनंद विहार से चलकर सहरसा जाने वाली फेस्टिव स्पेशल ट्रेन को 3 सितंबर से चलाया जाएगा।
स्लीपर और जनरल कोच वाली इस ट्रेन को आनंद विहार के बाद गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, सीतापुर, गोंडा, गोरखपुर, नरकटियागंज, बेतिया, संगौली, बापूधाम मोतिहारी, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, हसरनपुर रोड, खगड़िया, मानसी और बख्तियारपुर स्टेशन पर स्टॉपेज दिया गया है।
यह ट्रेन आनंद विहार स्टेशन से शाम 5:10 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम सवा छह बजे सहरसा पहुंचेगी। अन्य ट्रेनों का भी पूरा शेड्यूल जारी कर दिया गया है।