रेस्टोरेंट में आग, कर्मचारियों ने भागकर बचाई जान
राजनगर एक्सटेंशन स्थित एक रेस्टोरेंट में बृहस्पतिवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। रेस्टोरेंट में मौजूद चार कर्मचारियों ने बाहर भागकर अपनी जान बचाई।
दमकल की दो गाड़ियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग के कारणों की जांच की जा रही है।
सिहानी गांव निवासी कपिल त्यागी राजनगर एक्सटेंशन में रेस्टोरेंट चलाते हैं। बृहस्पतिवार सुबह रेस्टोरेेंट में मौजूद चार कर्मचारी सफाई में जुटे थे तभी अचानक आग लग गई। चारों ने होटल से बाहर भागकर अपनी जान बचाई और दमकल विभाग को सूचना दी।
मौके पर दमकल की दो गाड़ियां पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से रेस्टोरेंट में खड़ी दो बाइक, तीन फ्रिज और लाखों की कीमत का सामान जलकर राख हो गया। एफएसओ संजीव यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला शॉर्ट सर्किट से आग का लग रहा है।