चतर सिंह हत्याकांड : नगर कोतवाल करेंगे विवेचना
राष्ट्रीय लोकदल के कद्दावर नेता ठाकुर सुनील सिंह के आवास हुई उनके नौकर चतर सिंह की हत्या के मामले में खानपुर पुलिस ने भले ही रिपोर्ट दर्ज कर ली हो, लेकिन घटना स्थल नगर कोतवाली क्षेत्र में है।
ऐसे में विवेचना नगर कोतवाल करेंगे। एसएसपी के आदेश पर केस खानपुर से नगर कोतवाली में ट्रांसफर हो गया है। पुलिस जांच कर चतर सिंह के हत्यारे को पकड़ने में जुटी है।
खानपुर थाना क्षेत्र के गांव जवासा निवासी चतर सिंह (45) पिछले चार साल से बुलंदशहर में रालोद नेता ठाकुर सुनील सिंह के आवास पर नौकरी करता था। 30 जून की सुबह उसकी लाश सुनील सिंह के आवास पर संदिग्ध हालत में मिली थी।
सुनील सिंह ने चतर सिंह की लाश को उसके गांव भिजवाया और वह खुद भी परिजनों को सांत्वना देने गांव पहुंच गए थे। परिजनों ने जब चतर सिंह की मौत का कारण पूछा तो उन्होंने हार्टअटैक से मौत होना बताया।
कुछ लोगों ने चतर सिंह के गले पर निशान देखे तो उन्हें यह बात गले नहीं उतरी। बताते हैं कि जो लोग शव को लेकर गांव पहुंचे थे, उन्हें ग्रामीणों ने बंधक बना लिया था। पुलिस ने लोगों को बंधनमुक्त कराया था।
रातभर चली जद्दोजहद के बाद खानपुर पुलिस ने शनिवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चला कि चतर सिंह की हत्या गला दबाकर हुई थी।
पुलिस ने मृतक चतर सिंह के चचेरे भाई की तहरीर पर ठाकुर सुनील सिंह के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। एसएसपी मुनिराज जी. ने बताया कि घटना स्थल नगर कोतवाली क्षेत्र में होने के चलते विवेचना नगर कोतवाल आरके शर्मा करेंगे।
नगर कोतवाल ने बताया कि विवेचना शुरू कर दी गई है।