24 जून को वन बीएचके फ्लैटों की होगी नीलामी
वसुंधरा सेक्टर-4 में वन बीएचके फ्लैट लेने का लोगों के पास अच्छा मौका है। सेक्टर में आदर्श पार्क के सामने बने आवास विकास के 19 फ्लैटों की नीलामी होने जा रही है।
आविप के अधीक्षण अभियंता केए सिंघल ने बताया कि आवास विकास की ओर से 24 जून को मेरठ में इन फ्लैटों की नीलामी की जाएगी। इसमें शामिल होने के लिए पहले 100 रुपये का एक फॉर्म भरना होगा।
इसके बाद फ्लैट की कुल कीमत के पांच प्रतिशत का डीडी बनवाना होगा। डीडी के साथ लोग फ्लैटों की नीलामी में शामिल हो पाएंगे। उन्होंने बताया कि जो लोग नीलामी में मेरठ नहीं जा सकते हैं वह एक फॉर्म भरकर उसमें फ्लैट की रकम लिख कर आवास विकास में जमा कर दें।
नीलामी के बाद अधिकारी इस फॉर्म को खोलेंगे और अगर उसमें दर्ज कीमत वहां लगाई गई अंतिम बोली से ज्यादा हुई तो फ्लैट फॉर्म भरने वाले को मिल सकेगा। आवास विकास यहां ब्रह्मपुत्र एंक्लेव के कुछ फ्लैटों की भी नीलामी करेगा।
आवास विकास के फ्लैटों में लोगों को सरकारी योजनाओं का भी लाभ मिलेगा। इन फ्लैटों की कीमत 17 लाख से लेकर 24 लाख तक है। इसमें ग्राउंड फ्लोर के फ्लैटों की कीमत अधिक है, जबकि ऊपरी मंजिल के फ्लैट सस्ते हैं। इसमें लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना और वूमेन पावर के तहत करीब दो से ढाई लाख रुपयों तक की छूट मिल जाएगी।
अधीक्षण अभियंता केए सिंघल ने बताया कि पहले चरण में 19 फ्लैटों की नीलामी होने जा रही है। इसमें लोगों को 10 से 13 हजार रुपये प्रतिमाह की आसान किश्तों पर फ्लैट मिल सकेगा।