गढ़मुक्तेश्वर। ज्येष्ठ गंगा दशहरा मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। ब्रजघाट में स्नान के लिए दिल्ली, हरियाणा तथा पश्चिमी उप्र के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात, सुरक्षा और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है। मेले के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर जाम की स्थिति से बचने के लिए 14 अस्थायी वाहन पार्किंग स्थल तैयार किए गए हैं। सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि वाहनों के दबाव को नियंत्रित करने के लिए पलवाड़ा रोड के अलावा विभिन्न स्थानों पर अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े करने के बाद श्रद्धालुओं को पैदल गंगा घाट तक पहुंचना होगा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पांच पुलिस पिकेट स्थापित की गई हैं। इसके अलावा लगातार बाइक पेट्रोलिंग भी कराई जाएगी। संवाद