गाजियाबाद। यातायात को सुगम, व्यवस्थित और जाममुक्त बनाने की कवायद शुरू कर दी है। यातायात पुलिस ने ऐसे नए 14 स्थानों को चिह्नित किया है, जहां सड़कें संकरी हैं और वाहनों का दबाव अधिक है। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस और कार्यदायी संस्थान चिह्नित 14 स्थानों को जाममुक्त करने की योजना बनाएगी। फिलहाल यहां पुलिस बल की तैनाती आवश्यकतानुसार बढ़ा दी गई है।
डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन ने बताया कि वाहनों का अधिक आवागमन होने वाले चिह्नित 14 स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। इनमें लालकुआं पर पूर्व में नौ पुलिसकर्मी तैनात थे मंगलवार से यहां 14 की तैनाती होगी। ऐसे ही चौधरी मोड़ पर छह से आठ, नए बस अड़्डे पर 10 की बजाए 16, शिप्रा मॉल से एनएच नौ पर तीन के स्थान पर सात, भारत पेट्रोल पंप इंदिरापुरम में चार के स्थान पर नौ, शुक्र बाजार चौक पर अतिरिक्त दो, शालीमार गार्डन के भोपुरा यूटर्न पर पांच के स्थान पर 13, लोनी तिराहे पर 11 की बजाए 15, डासना अंडरपास पर तीन के स्थान पर छह, दुहाई कट पर दो की बजाए तीन, फार्च्यून कट राजनगर में पांच की बजाए छह, अजनारा कट पर चार के स्थान पर सात और रिवर हाईट गोल चक्कर पर चार के स्थान पर अब सात पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।