पावर लिफ्टिंग में अभिषेक और बीरम ने मारी बाजी
बुलंदशहर।
टांडा स्टेडियम में आयोजित हुई स्पोर्ट्स पावर वार प्रतियोगिता में अभिषेक शर्मा और बीरम सिंह ने बाजी मारी। प्रतियोगिता में प्रदेश भर से 40 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न वर्गों के विजेताओं को प्रतियोगिता के समापन पर प्रमाणपत्र और ट्रॉफी प्रदान की गई।
टांडा स्टेडियम में दो दिवसीय स्पोर्ट्स पावर वार प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें पावर लिफ्टिंग और कुश्ती के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। पावर लिफ्टिंग में न्यूनतम 75 किग्रा वर्ग में बुलंदशहर के आदित्य ने गोल्ड व गाजियाबाद के त्रिशांत ने सिल्वर मेडल और बुलंदशहर के प्रदेश कुमार ने कांस्य पदक हासिल किया। 90 किग्रा भार वर्ग में राधानगर निवासी बीरम सिंह ने गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया तो गुलशन चौहान ने दूसरा व आशीष ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है। 90 से अधिक भार वर्ग में अभिषेक शर्मा ने गोल्ड, आकाश शर्मा ने सिल्वर व आशीष राठी ने कांस्य पदक जीता है। अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स पावर वार के जनरल सेक्रेटरी रोबिन सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता के आयोजन का मुख्य उद्देश्य गरीब व गली स्तर की प्रतिभाओं को निखारना और युवाओं में खेल भावना जागरूक करना है। वर्ष के अंत में दिल्ली में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।