मार्च से मिलेगी 24 घंटे बिजली
गाजियाबाद। आने वाली गर्मियों में शहर के लोगों को बिजली कटौती से निजात मिलेगी। जनपदवासियों को 24 घंटे निर्बाध बिजली सप्लाई मुहैया कराने की दिशा में पावर कारपोरेशन ने काम तेज कर दिया है, जिसके लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में मुख्य रूप से शहर के सभी सब-स्टेशन को आपस में जोड़ा जाएगा, जिसके बाद बिजली कटौती व ओवरलोडिंग से होने वाले कट की समस्या खत्म हो जाएगी। इसी कड़ी में शहर व देहात क्षेत्र में बिजली के पुराने तारों को बदलने, उच्च क्षमता के लिए नए ट्रांसफार्मर लगाने और फीडरों को अलग करने का काम भी होगा।
अभियान के तहत निर्धारित काम को पूरा करने के लिए कारपोरेशन ने फरवरी अंत तक की समय सीमा निर्धारित की है। कारपोरेशन के चीफ इंजीनियर एके चौधरी ने बताया कि केंद्र व प्रदेश सरकार के 24 घंटे बिजली सप्लाई मुहैया कराने के निर्देशों दिए हैं। इसके लिए ट्रांसमिशन व्यवस्था में व्यापक सुधार किया जाना है। सप्लाई की व्यवस्था में सुधार के तहत 11 नए सब-स्टेशनों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। फरवरी अंत तक नौ नए बिजलीघर बन कर तैयार हो जाएंगे। शहर के सभी सब-स्टेशन को आपस में जोड़ने का काम चल रहा है। पुराने बिजली तारों को बदलने, पुराने की जगह उच्च क्षमता के नए ट्रांसफार्मर लगाए जाने और देहात क्षेत्र में सिंचाई व रिहायशी क्षेत्र के फीडर अलग करने करने का काम चल रहा है जिसके पूरा होने पर लोकल फॉल्ट होने के बावजूद बिजली सप्लाई पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
फॉल्ट होने पर तत्काल दूसरे सब-स्टेशन से मिलेगी बिजली
महानगर के सभी सब-स्टेशन के आपस में जुड़ने का व्यापक असर देखने को मिलेगा। यह काम पूरा हो जाने के बाद किसी सब-स्टेशन में फॉल्ट होने पर उस क्षेत्र को फौरन दूसरे सब-स्टेशन से सप्लाई मिलने लगेगी। गर्मियों में बिजली की मांग बढ़ने पर भी सप्लाई में कोई व्यवधान नहीं पड़ेगा। ट्रांसमिशन व्यवस्था में सुधार होने से बिजली सप्लाई बाधित नहीं होगी।