सोलर स्ट्रीट लाइट घोटाले में फंसे 19 गांवों के प्रधान-सचिव
सबहेड
जिला पंचायत राज अधिकारी ने सभी को नोटिस जारी कर किया जवाब-तलब
बिना किसी टेंडर प्रक्रिया के खरीदी गईं सोलर लाइटें, पांच दिसंबर तक देना होगा जवाब
अमर उजाला ब्यूरो
गाजियाबाद। नियमों को दरकिनार कर बिना किसी टेंडर प्रक्रिया के सोलर लाइट की खरीद के मामले में 19 गांवों के प्रधान व सचिव फंस गए हैं। दो अधिकारियों की जांच कमेटी की रिपोर्ट पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने सभी संबंधित प्रधानों व सचिवों को नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया है। उधर, मामले में विस्तृत जांच के लिए सहायक विकास अधिकारी लोनी, भोजपुर व मुरादनगर को आगे की जांच सौंपी दी गई है ताकि घोटाले के चलते हुए राजस्व के नुकसान का सही अंदाजा लगाया जा सके।
मंडलायुक्त डॉ. प्रभात कुमार ने विभिन्न योजनाओं के तहत गांवों में लगाई गईं स्ट्रीट लाइट में घोटाले की बात सामने आने के बाद मंडल भर में जांच के आदेश दिए थे, जिसके बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर परियोजना निदेशक यूपी नेडा व वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा विभाग को जांच सौंपी गई। करीब दो महीने के बाद जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की गई तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। भोजपुर में 10, मुरादनगर में आठ गांवों के अलावा लोनी ब्लॉक के गांव नानू में सोलर लाइट लगाने में भारी धांधली का मामला पकड़ा गया। बिना टेंडर प्रक्रिया के सोलर स्ट्रीट लाइट की खरीद और उसके लिए कोई प्रशासनिक, वित्तीय व तकनीकी स्वीकृति भी नहीं लेने का मामला सामना आया। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला पंचायत राज अधिकारी बीपी शुक्ला ने प्रधानों व सचिवों को नोटिस जारी कर पांच दिसंबर तक जवाब मांगा है। उसके साथ ही तीनों ब्लॉक के सहायक विकास अधिकारियों से पांच दिसंबर तक सोलर स्ट्रीट लाइट का विशेष विवरण मांगा गया है। उसने पूछा गया है कि लाइट कितने वाट की है, सोलर स्ट्रीट लाइट खंबे की लंबाई क्या है और बैट्री कितने वोल्ट की लगी है। यह सारा घोटाला वित्तीय वर्ष 2016-17 का है।
-----------------------
ये लोग फंसे हैं घोटाले की जांच में
घोटाले की आंच में सेवानिवृत्त सचिव दिनेश शर्मा, विवेक शर्मा, जिले सिंह, अंकुश गोस्वामी, पवन कुमार, मोनिका, त्रिभुवन कौशिक, विपिन कुमार, विपिन कुमार व अन्य का नाम शामिल है। इनके अलावा मुरादनगर ब्लाक के गांव खुर्रमदपुर भंगावली के प्रधान मनोज, मिलक चाकरपुर की प्रधान नीतू, सिखैड़ा हजारी के कमलेश, मोहम्मदपुर हिसाली के अमरीश, भनैड़ा कला के दर्शन, काकड़ा के सतीश, नगला अक्खू के प्रधान बबलू व सुराना के प्रधान का नाम है। वहीं भोजपुर ब्लाक के शेरपुर गांव के प्रधान आदित, भटजन पलौता के श्रीचंद, लतीफपुर तिबड़ा के सुचेता, जहांगीरपुर के सजाउद्दीन, औरंगाबाद फजलगढ़ के बिजेंद्र, ह्दयपुर मंडोला के मदनपाल, सीकरी खुर्द के नवाब सिंह, सैदपुर हुसैनपुर डीलना की सुनीला के साथ ही कादराबाद व तिबड़ा के ग्राम प्रधान का नाम शामिल है। उधर, लोनी ब्लॉक के गांव नानू के प्रधान को नोटिस दिया गया है।