बिजली कट से नाराज महिलाओं ने किया हंगामा
रराजनगर एक्सटेंशन की रीवर हाइट सोसायटी में बीते दो दिनों से बिजली कट थी। इससे नाराज महिलाओं ने बृहस्पतिवार को सोसायटी में जमकर हंगामा किया। हंगामे के बाद एओए द्वारा 16 लाख का बिल जमा किया गया और सोसायटी का कनेक्शन जोड़ दिया गया है, इसके बाद महिलाएं शांत हुई।
महिलाओं का आरोप है कि एओए ने जनवरी माह से ही बिजली विभाग का बिल जमा नहीं किया है जो अब 44 लाख तक पहुंच गया है। बिल जमा न होने से मंगलवार को सोसायटी की बिजली काट दी गई।
इसके बाद लगातार जनरेटर चलाया जा रहा था जिसका प्रतिदिन एक लाख रुपये का खर्च आ रहा था। इससे परेशान सोसायटी की नारी शक्ति ग्रुप की सदस्याओं ने सोसायटी में जमकर हंगामा काटा। एओए के खिलाफ नारेबाजी भी की।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने कहा कि वे लोग लगातार मेंटेनेंस चार्ज जमा कर रहे है, ऐसे में ऐओए बिल जमा क्यों नहीं करा रहा, इससे उसकी भूमिका पर सवाल उठता है। अब तक बिजली विभाग भी इस मामले में चुप्पी साधे बैठा था।
महिलाओं के हंगामे के बाद एओए द्वारा बिजली विभाग को 16 लाख रुपये जमा कराए गए। महिलाओं ने अपनी शिकायत एडीएम सिटी प्रीति जायसवाल से भी की। महिलाओं ने एडीएम सिटी से शिकायत की है कि 25 जून को एओए का चुनाव होने वाला है, जबकि बिजली का आधा बिल अभी भी बकाया है।
चुनाव में यदि कोई जीतता है तो बिजली बिल कौन जमा करेगा, जबकि इसकी जवाबदेही वर्तमान एओए की है। एडीएम सिटी ने महिलाओं की शिकायत पर जांच करने की बात कही। हंगामे में राधारानी गुप्ता, प्रियंका गुप्ता, उमा शर्मा व राजकुमारी आदि बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रही।
उधर, इस संबंध में एओए अध्यक्ष प्रमोद धनकड़ का कहना है कि सोसायटी में बहुत से लोग मेंटेनेंस चार्ज जमा नहीं कर रहे, जिसकी वजह से बिल जमा करने में परेशानी आ रही है।
बृहस्पतिवार को कुछ लोगों ने पैसा जमा कराया है तो बिल जमा कराया गया। फिलहाल 100 लोगों के कनेक्शन अभी भी कटे हुए हैं, क्योंकि उन्होंने अब तक मेंटेनेंस चार्ज जमा नहीं किया है।