शहीद स्थल और मेजर मोहित शर्मा मेट्रो स्टेशन में आपका स्वागत है...
गाजियाबाद। नया बस अड्डा और राजेंद्रनगर मेट्रो स्टेशनों के नामों को बदलने के यूपी प्रदेश सरकार के आदेश के बाद दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन (डीएमआरसी) ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएमआरसी ने नया बस अड्डा मेट्रो स्टेशन के एंट्री गेट पर ‘शहीद स्थल’ और राजेंद्रनगर मेट्रो स्टेशन पर मेजर मोहित शर्मा राजेंद्रनगर मेट्रो स्टेशन की चिट लगा दी है।
साथ ही डीएमआरसी ने दोनों नए स्टेशनों के नामों के बोर्ड और अन्य चिह्नों को लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके अलावा उद्घाटन से पहले रेड लाइन के इस कॉरिडोर पर रोलिंग स्टॉक (कोचेज) के अंदर नए नामों को जोड़ने और सिग्नल सहित सिस्टम में नामों को बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आठ मार्च को पीएम मोदी के उद्घाटन से पहले दोनों स्टेशनों में पुराने नामों की जगह शहीद स्थल और मेजर मोहित शर्मा मेट्रो स्टेशन के चिह्न लगे नजर आएंगे। नया बस अड्डा सहित राजेंद्रनगर मेट्रो स्टेशन के नामों के बदलाव के लिए अमर उजाला ने बड़ा अभियान चलाया था। इसके बाद बीते माह प्रमुख सचिव आवास नितिन रमेश गोकर्ण ने इस बाबत आदेश जारी कर दिए थे।