स्कूटी पर चाचा के साथ जन्मदिन कार्यक्रम में जा रही 11वीं की छात्रा की सड़क हादसे में मौत हो गई। एनएच-24 पर हुए इस हादसे में चाचा बाल-बाल बच गए। चाचा ने ट्रक नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ कविनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
राजनगर एक्सटेंशन स्थित केडीपी ग्रैंड सवाना सोसायटी की रहने वाली 11वीं की छात्रा अंजलि अक्षय एंकलेव में रहने वाले अपने चाचा ऋषिपाल के साथ शनिवार शाम करीब पौने पांच बजे महरौली में रिश्तेदारी में जा रही थी। यहां एक जन्मदिन कार्यक्रम था। अंजलि और ऋषिपाल स्कूटी से महरौली स्थित विक्रांत फार्म हाउस के पास पहुंचे, तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी में टक्कर मार दी। स्कूटी असंतुलित हो गई और दोनों गिर गए। आरोपी चालक फरार हो गया। ऋषिपाल घायल अंजलि को लेकर कोलंबिया अस्पताल पहुंचे।
यहां करीब दो घंटे इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। परिजन उसे लेकर घर चले गए। देर रात अंजलि की तबियत फिर बिगड़ गई। ऋषिपाल ने पुलिस को बताया कि अंजलि को लेकर फिर से अस्पताल पहुंचे, जहां देर रात करीब तीन बजे उसने दम तोड़ दिया। कविनगर पुलिस ने ट्रक नंबर के आधार पर ऋषिपाल की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ लापरवाही से ट्रक चलाने की वजह से मौत हो जाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसएसआई हिंदवीर सिंह का कहना है कि आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। नंबर के आधार पर ट्रक को ट्रेस किया जा रहा है।