भविष्य ईवीएम में... जीत का दावा सबका
गाजियाबाद। मतदाताओं ने मेयर के लिए मतदान कर दिया है। प्रत्याशियों का भविष्य अब ईवीएम में बंद हैं। मतदान के बाद सभी बड़ी पार्टियों में कड़ा मुकाबला दिख रहा है। मतदाताओं का रुख देखकर लग रहा है कि झाड़ू की आमद के साथ हाथ और साइकिल की चाल ने कमल को फंसा दिया है, रही सही कसर हाथी की मस्त चाल और हैंडपंप ने पूरी कर दी है। ऐसे में 22 साल पुराने अपने किले को दरकने से बचाने के लिए भाजपा को कड़ी चुनौती मिलती दिख रही है। फिलहाल सभी प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद है लेकिन सब अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। कोई जातीय समीकरण के हिसाब से जीत का गणित लगा रहा है तो कोई प्रत्याशी मतदाताओं और विकास के भरोसे चुनावी नैया पार लगने की बात कह रहा है। अब देखना है कि एक दिसंबर को मेयर का ताज किसके सिर सजता है।
भाजपा फिर आ रही है : आशा शर्मा
भाजपा से मेयर प्रत्याशी आशा शर्मा का कहना है कि एक बार फिर शहर की जनता ने कमल पर भरोसा जताया है। सभी बूथों से मिली रिपोर्ट कहती है कि हमारी जीत होगी। उधर, महानगर अध्यक्ष अजय शर्मा ने कहा कि मेयर प्रत्याशी आशा शर्मा करीब तीन लाख वोटों से विजयी होंगी।
जनता बदलाव चाहती है, जीत हमारी होगी : डॉली शर्मा
कांग्रेस मेयर प्रत्याशी डॉली शर्मा ने कहा कि इस बार शहर की जनता बदलाव चाहती है। विकास के दावे करने वाले नहीं विकास कराने वालों को जनता चुनेगी। जिलाध्यक्ष हरेंद्र नागर ने बताया कि डॉली शर्मा के रिकॉर्ड मतों से जीत रही हैं। उन्होंने दावा किया कि कैला भट्टा, हसबंस नगर, लाइन पार में कांग्रेस को भरपूर समर्थन मिला है।
सपा करेगी सबका सफाया : राशि गर्ग
सपा से मेयर प्रत्याशी राशि गर्ग का कहना है कि सपा निकाय चुनाव में सबका सफाया कर देगी। वैश्य वर्ग के अलावा सभी वर्गों का समर्थन मिला है। सपा नेता अभिषेक गर्ग ने कहा कि सपा ने विकास कराया है जबकि बीजेपी ने जनता की कमर नोटबंदी और जीएसटी से तोड़ी है। ऐसे में साइकिल दौड़ेगी और जीत का खाता खोलेगी। राशि गर्ग नई मेयर होंगी
विकास के लिए जनता ने दिया वोट : मुन्नी चौधरी
बसपा मेयर प्रत्याशी मुन्नी चौधरी ने कहा कि जनता ने इस बार उन इलाकों के विकास के लिए वोट किया है, जो भाजपा के कार्यकाल में अब तक बदहाल रहे हैं। पति सतपाल चौधरी ने कहा कि जाट, जाटव और मुस्लिम वोटों का समीकरण हमारे पक्ष में है। बहनजी ने पहली बार निकाय चुनाव में हाथी को उतारा है। हाथी की मस्त चाल सबको बेहाल कर देगी। हम एक लाख से ज्यादा वोटों से जीतेंगे।
जनता चाह रही विकास, जीत हमारी : कुसुम राघव
रालोद प्रत्याशी कुसुम राघव ने कहा कि जीत का सेहरा हमारे सिर ही बंधेगा। जनता इस बार बदलाव चाहती है। पति डा. अनिल राघव ने कहा कि रालोद ही क्षेत्र का विकास करा सकती है। लोगों ने इस बार हम पर भरोसा जताया है। वोटिंग का कम प्रतिशत इशारा कर रहा है कि कुसुम राघव की ही जीत होगी।