किसानों की मौत के लिए भाजपा जिम्मेदार : सांसद
सपा के राज्य सभा सांसद सुरेंद्र नागर ने कहा कि देश में किसानों की हालत बेहद दयनीय हो चुकी है जिसके लिए केंद्र व प्रदेश में भाजपा की सरकार जिम्मेदार है।
किसानों के साथ हो रहे अन्याय के विरुद्ध सपा लोक सभा व विधान सभा में पुरजोर ढंग से इस मुद्दे को उठाएगी।
सपा सांसद सुरेन्द्र नागर व जिलाध्यक्ष कुंवर अब्दुल रब सहित सपा छात्र सभा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अतुल प्रधान घनसूरपुर गांव में बैंक कर्जे के कारण मृतक किसान मदनपाल सिंह घर पहुंचे।
नेताओं ने मृतक के पुत्र सोनू व मोनू से पूरी जानकारी ली व दोनों लोगों ने आर्थिक सहायता की। सपा सांसद ने कहा कि प्रदेश में किसानों की कर्ज माफी का वादा करके भाजपा सरकार ने किसानों को छला है।
उन्होंने मृतक की पत्नी राजवती को एक लाख रुपये की नकद धनराशि देकर आर्थिक सहायता की। सपा सपा छात्र सभा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अतुल प्रधान ने भी 25 हजार रुपये की नकद धनराशि दी।
उन्होंने कहा कि 12 जुलाई के बाद अखिलेश यादव के भारत लौटने पर उनसे पीड़ित परिवार की मुलाकात कराई जाएगी एवं मृतक किसान के बीकॉम उत्तीर्ण पुत्र मोनू को नौकरी दिलाने का पूर्ण प्रयास किया जाएगा।
सपा जिलाध्यक्ष कुंवर अब्दुल रब ने कहा कि प्रशासन किसान की इस मौत को लेकर लोगों को गुमराह कर रहा है। अब पूरे प्रदेश में इस अत्याचार के विरुद्ध सपाई संघर्ष करेंगे।
इस दौरान डा. राजीव लोधी, ताहिर अली सैफी, हाजी अख्तर, ब्रहम मलिक, राजकुमार भुर्जी, अरविन्द शर्मा, बबलू चौधरी, बादल यादव, बडडू कुरैशी, हरीश लोधी, शफीक चौधरी आदि मौजूद रहे।