दो पक्षों के बीच फायरिंग व पथराव में सात लोग घायल
खुर्जा। क्षेत्र के गांव खबरा में मिट्टी का डंफर निकालने का विरोध करने पर दो पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में मारपीट, पथराव और फायरिंग हुई। इससे गांव में अफरातफरी मच गई। मारपीट में सात लोग घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल भेज दिया गया। दोनेां पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी है।
खबरा निवासी व्यक्ति के खेत में गेहूं की कटाई का काम चल रहा था। इसी दौरान उधर से गुजर रहे मिट्टी से भरा डंफर देख उसने विरोध कर दिया। जिससे दोनों पक्षों में विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर पहुंच गए और मारपीट शुरू कर दी। दोनों पक्षों में पथराव शुरू हो गया। इसी दौरान किसी ने हवाई फायरिंग कर दी। इससे गांव में भगदड़ मच गई। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने मारपीट में घायल सात लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। थाना देहात थाना प्रभारी ज्ञान सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। मामले की जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।