ई-सर्विस बुक बनवाने से वंचित रह गए 15 प्रतिशत चिकित्सक
बुलंदशहर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य महानिदेशक के आदेश पर सीएमओ ने सभी कर्मचारियों को ई-सर्विस बुक तैयार कराने का निर्देश जारी किया था। पहले चरण में 15 प्रतिशत चिकित्सक अपनी ई-सर्विस बुक बनवाने से वंचित रह गए।
स्वास्थ्य विभाग में 296 नियमित एवं संविदा चिकित्सक हैं। स्वास्थ्य महानिदेशक परिवार कल्याण ने दिसंबर माह में निर्देश जारी किया था कि सभी चिकित्सक ई-सर्विस बुक तैयार कर मानव संपदा साफ्टवेयर पर अपलोड करें। ई-सर्विस बुक तैयार कराने के लिए पहले चरण में 11 कार्य दिवस एवं दूसरे चरण में 12 कार्य दिवस की तिथि घोषित कर समय से डाटा उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए गए थे। पहले चरण में 296 चिकित्सकों को ई-सर्विस बुक बनवाने और मानव संपदा साफ्टवेयर के निर्धारित प्रोफार्मा पर सभी सूचनाओं का फार्म भरवाने का आदेश दिया गया था। पहला चरण पूर्ण होने पर 46 चिकित्सक ई-सर्विस बुक बनवाने से वंचित रह गए। चर्चा है कि इनमें अधिकतर चिकित्सक बीआरएस एवं पीजी करने के लिए अवकाश पर चल रहे हैं। उधर, सीएमओ डॉ. केएन तिवारी ने बताया कि पहले चरण में 296 चिकित्सकों को ई-सर्विस बुक बनवाने के लिए निर्धारित समय पर प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन 46 चिकित्सक ई-सर्विस बुक से वंचित रह गए। उन्होंने बताया कि वंचित चिकित्सकों में अधिकांश पीजी करने के लिए अवकाश पर चल रहे है। पीजी करने के दौरान चिकित्सकों ने ई-सर्विस बुक के लिए डाटा उपलब्ध कराया या नहीं इसकी जानकारी की जा रही है।