घर में मृत मिला महिला अस्पताल का वार्ड ब्वॉय
गाजियाबाद। जिला महिला अस्पताल में तैनात ऑपरेशन थियेटर अटेंडेंट (वार्ड ब्वॉय) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव गोविंदपुरम स्थित उसके घर से मिला। सोमवार को भाई के घर पहुंचने पर घर का दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत की वजह का पता चल सकेगा।
गोविंदपुरम स्थित मकान संख्या एच-4 में रहने वाला तरुण वर्मा जिला महिला अस्पताल में वार्ड ब्वॉय था और ऑपरेशन थियेटर में अटेंडेंट के रूप में काम कर रहा था। तरुण की पत्नी पूजा गर्भवती है और करीब एक सप्ताह पहले ही 3 साल की बेटी को लेकर मायके बागपत गई है। उसके भाई भी गोविंदपुरम में ही अलग मकान में रहते हैं। तरुण घर पर अकेला था। रविवार रात वह घर आकर सो गया। सोमवार को उसके भाई ने तरुण को कॉल की लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। दोपहर को भाई तरुण के घर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद था। खटखटाने पर भी जब दरवाजा नहीं खुला तो दरवाजा तोड़ा गया। अंदर तरुण मृत पड़ा था। कविनगर एसएचओ समरजीत सिंह का कहना है कि उसके नाक से खून निकला हुआ था। परिजनों ने बताया कि तरुण हाइपर टेंशन का मरीज था। आशंका है कि मौत का कारण ब्रेन हेमरेज या बेड से गिरना हो सकता है। सोमवार को उसकी पत्नी के मायके से लौटने का इंतजार किया गया। उसके आने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रिपोर्ट आने पर मौत की वजह का पता चल सकेगा।