संविदाकर्मी को बंधक बना एसडीओ कार्यालय पर बदमाशों का धावा, डकैती का प्रयास
सिकंदराबाद। शनिवार की रात हथियारबंद बदमाशों ने संविदाकर्मी को बंधक बनाकर विद्युत उपकेंद्र, एसडीओ कार्यालय में डकैती डालने का प्रयास किया। लाइन के कट होने से बिजली घर में बजे हूटर को बदमाश पुलिस का हूटर समझकर सामान को कार्यालय के परिसर में छोड़कर फरार हो गए। जेई ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है।
अवर अभियंता जोखाबाद नंबर-2 ने बताया कि शनिवार की रात करीब तीन बजे उपकेंद्र पर ड्यूटी पर तैनात संविदा कर्मी तोताराम ने उपकेंद्र के सीयूजी नंबर से फोनकर बताया कि उपकेंद्र में करीब 8-10 हथियारबंद बदमाश घुस आए थे। बदमाशों ने मारपीट करते हुए उसे बंधक बना लिया। बदमाशों ने उपकेंद्र के स्टोर रूप, कंट्रोल रूप, एसडीओ कार्यालय का ताला तोड़कर एसी, कंप्यूटर, बैट्रा व अन्य सामान बाहर निकाल लिया। बताया कि बदमाशों ने जब बेैट्रा को हटाने के लिए तार काटा तो उपकेंद्र का हूटर बजने लगा। हूटर को पुलिस का हूटर समझकर बदमाश घबरा गए। कार्यालय के बाहर रोड पर लोगों की आवाजाही भी होने लगी थी। बताया कि बदमाश निकाले गए सभी सामान को कार्यालय परिसर में छोड़कर फरार हो गए। वहीं एसडीओ यशवेंद्र कुमार ने बताया कि शनिवार को बैंक अवकाश होने के कारण बदमाशों को अंदेशा रहा होगा कि शनिवार का कलेक्शन एसडीओ कार्यालय में ही जमा हो गया। कैश लूट के चक्कर में बदमाशों ने धावा बोला है। बताया कि बदमाशों ने उनके कार्यालय के लॉकर को भी तोड़ रखा है। बदमाश अपने साथ कोई सामान नहीं ले जा सके ।
चौकी प्रभारी शत्रुघ्न सिंह ने बताया कि शनिवार की रात उपकेंद्र, एसडीओ कार्यालय में अज्ञात चोरों द्वारा चोरी का प्रयास किया गया। पुलिस जांच में जुटी है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।