आईपीएल मैच पर सट्टा लगवाते पार्षद पति समेत 10 धरे
गाजियाबाद। आईपीएल क्रिकेट मैच में सट्टा लगाने वाले 10 लोगों को सिहानी गेट पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सट्टे का यह धंधा नंदग्राम के भाजपा पार्षद का पति अपने घर से चला रहा था। पुलिस ने पार्षद पति को भी गिरफ्तार कर लिया है। इन लोगों के पास से 1.60 लाख रुपये की नकदी, सट्टे के नंबर लिखी डायरी, सात मोबाइल और एक लैपटॉप बरामद किया है। रविवार को इन्होंने चेन्नई सुपर किंग व किंग्स इलेवन पंजाब की टीमों पर सट्टे में मोटी रकम लगाई थी।
एसपी सिटी आकाश तोमर ने पत्रकारों को बताया कि रविवार रात 12 बजे गिरफ्तार किए गए सट्टेबाज अंकित निवासी नूरनगर सिहानी, अनुज शर्मा निवासी फ्री होल्ड कृष्णा कुंज नंदग्राम, राजदीप त्यागी निवासी सिहानी, राहुल त्यागी निवासी नूरनगर, धर्मेंद्र उर्फ आशु निवासी उत्तरांचलनगर नंदग्राम, संजय सिंह उर्फ राहुल निवासी रिवर हाइट, विवेक वर्मा निवासी घूकना, विपिन त्यागी नंदग्राम रोड सिहानी, रवि निवासी छोटा बाजार शाहदरा और पार्षद पति टीशू त्यागी निवासी 100 फुटा रोड नंदग्राम हैं। ब्यूरो