गाजियाबाद। शनिवार रात से सोमवार दोपहर तक रुक रुककर हुई बारिश ने शहर के नालों की सफाई के दावे की पोल खोल दी है। 11 एमएम की बारिश से नाले कूड़े और गाद से भर गए हैं। छह फुट के नाले में चार फुट तक कूड़ा और गाद भरा हुआ है। सफाई का यही हाल रहा तो मानसून सक्रिय होने पर नाले सड़क पर बहेंगे। बारिश में जलभराव की समस्या न हो इसके लिए मेयर सुनीता दयाल ने शपथ लेने के बाद नालों की सफाई पहली प्राथमिकता बताई थी। 30 जून तक सफाई के निर्देश निगम अधिकारियों को दिए थे।
शहर में 73 बड़े और 452 छोटे नाले और मझोले नाले हैं। इनकी सफाई के लिए नगर निगम ने जून में टेंडर निकाला था। करीब आठ कंपनियों को सफाई का ठेका दिया गया है। नालों की सफाई का बजट साढ़े तीन करोड़ रुपये रखा गया है। शनिवार को हुई पहली बारिश में पटेल नगर, विजयनगर, गोविंदपुरम, नेहरू नगर और इस्लाम नगर में गुजर रहा नाला जगह जगह कूड़े से अटा है।
पटेल नगर थर्ड : पुलिया के नीचे नाले में लगी जाली से फंस रहा कूड़ा
पटेल नगर थर्ड में आर्यनगर रोड पर बनी पुलिया के नीचे नाले में जाली लगाई गई है। बारिश के बाद जाली के पास कूड़ा और गाद फंसकर ऊपर आ रहा है। बहाव रुक गया है।
विजयनगर में एनएच-नौ के सहारे जा रहे नाला बना डंपिंग ग्राउंड
विजयनगर में एनएच-नौ के सहारे गुजर रहे बड़े नाले की हालत डंपिंग ग्राउंड जैसी हो गई है। नगर निगम का कहना है कि नाले की सफाई कराई जा चुकी है। इस नाले में विजयनगर और आंबेडकर नगर, औद्योगिक क्षेत्र का पानी बहता है।
इस्लाम नगर में प्लास्टिक और कूड़े से ढका नाला
इस्लाम नगर में छह फुट गहरा नाला गाद के साथ ही प्लास्टिक और कूड़े से अटा पड़ा है। जबकि यहां भी सफाई कराने की बात नगर निगम कर रहा है। बारिश का पानी बहने की बजाय कूड़े से चोक हुए नाले में डंप हो रहा है।
हरसांव की पुलिया के नीचे कूड़े ने रोका नाले का बहाव
गोविंदपुरम नाला भी हरसांव पुलिया के पास फूल रहा है। यहां भी कूड़ा फेंका जा रहा है। सफाई के दावों की हकीकत तस्वीर देखने से पता चल रही है। हरसांव निवासी योगेंद्र कसाना ने बताया कि एक दिन मशीन आई थी सफाई का काम किया गया लेकिन तली तक सफाई नहीं की गई।
नेहरूनगर नाले में भर रहा गोबर
नेहरू नगर नाले में गोबर भरा हुआ है। आठ फुट गहरे नाले में चार फुट तक गाद भरी है। इसके अलावा नाले के ऊपर दुकानें लग रही हैं। यहां भी नाले की सफाई का दावा बेमानी साबित हो रहा है। पूर्व पार्षद हिमांशु मित्तल का कहना है कि नाले की सफाई में औपचारिकता बरती जा रही है। नालों पर अतिक्रमण करने वालों और गंदगी और गोबर फेंकने वालों पर सख्ती होनी चाहिए।
उपमुख्यमंत्री के आने से पहले लगाया पंप, जाने के बाद फिर भरा पानी
रविवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का कार्यक्रम पंडित दीनदयाल ऑडिटोरियम में होने की सूचना पर नगर निगम के अधिकारियों ने मार्बल मार्केट के सामने टूटी सड़क पर हुए जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए आनन फानन पंप लगाकर पानी की निकासी कर दी। सोमवार को सुबह हुई बारिश के बाद फिर से टूटी सड़क पर जलभराव हो गया लेकिन कोई पंप नहीं लगाया गया। लोग जलभराव के बीच से गुजरे।
10 स्थानों पर दूसरे दिन भी भरा रहा पानी
हिंडन अंडर पास
मेरठ तिराहा
पटेल नगर दो पुलिस चौकी के पास
नेहरू नगर में मार्बल मार्केट के सामने
गोविंदपुरम के कर्पूरीपुरम
विजयनगर एनएच 09 के पास सर्विस रोड
बागू में मुख्य सड़क पर
राजनगर एक्सटेंशन में देविका स्काइपर सोसायटी के पास
मेहरौली में मंदिर वाली सड़क
बीएस रोड औद्योगिक क्षेत्र
जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए नालों की सफाई का काम तेज गति से चल रहा है। नालों की सफाई का निरीक्षण स्वयं कर रही हैं। अधिकांश नालों की सफाई एक बार हो चुकी है। यदि सफाई में औपचारिकता बरती गई है तो संबंधित ठेका कंपनी का भुगतान रोक दिया जाएगा।
सुनीता दयाल, महापौर
नाले की सफाई के पहले ड्रोन कैमरे से तस्वीर ली गई है अब सफाई के बाद की तस्वीर ली जा रही है। जिस कंपनी के काम में कमी पाई जाएगी उसे काली सूची में डाल दिया जाएगा। नालों की सफाई के लिए 70 पोकलेन मशीनें लगी हैं। सफाई के बाद गंदगी या कूड़ा फेंकने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। पार्षदों का भी सहयोग लिया जा रहा है।
डाॅ. मिथलेश, नगर स्वास्थ्य अधिकारी