हाईवे जाम, 10 मिनट के रास्ते में लगे एक घंटे
मोदीनगर/मुरादनगर। वीकेंड पर वाहनों की अधिकता और अवैध कटों से निकलने वाली गाड़ियों के चलते रविवार को हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पूरे दिन वाहन रेंगते रहे। आबादी के बीच हाईवे पर 10 मिनट की मिनट की दूरी तय करने में वाहनों को करीब एक घंटा लगा। इससे मुसाफिरों को मुश्किल का सामना करना पड़ा।
रविवार को सबसे पहले मुरादनगर के रावली रोड तिराहे कट से जाम लगना शुरू हुआ। कुछ ही देर में वाहनों की लंबी कतार लग गई। सीएचसी, बंबा रोड, उखलारसी कट पर भी जाम लग गया। उधर, रावली रोड तिराहे से दुहाई और दूसरी ओर गंगनहर पुल तक वाहन फंस गए। यात्रियों ने पाइप लाइन मार्ग, गंगनहर कांवड़ मार्ग, कनौजा कुसलिया संपर्क मार्ग से निकलने की कोशिश की, लेकिन वहां ट्रैफिक जाम हो गया। आबादी के बीच हाईवे से निकलने में वाहन 10 मिनट की दूरी एक घंटे में पूरी कर सके। एसओ का कहना है कि रविवार को वाहनों की अधिकता और कटों के कारण जाम लगता है। उधर, मोदीनगर में सुबह से देर रात तक वाहन हाईवे पर रेंगते रहे। मोदीनगर में कपड़ा मिल से लेकर मोदीमंदिर तक करीब तीन किमी वाहन फंसे रहे।