अस्पताल में पानी को तरस गईं गर्भवती महिलाएं
सबहेड
महिला अस्पताल में सबमर्सिबल पंप खराब होने से मरीज हुए बेहाल
अमर उजाला ब्यूरो
गाजियाबाद। जिला महिला अस्पताल में मंगलवार को पीने के पानी की समस्या रही। पंप खराब होने के कारण अस्पताल में पानी की सप्लाई ठप रही। इससे अस्पताल में आए मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। अस्पताल में पीने का पानी न होने से गर्भवती महिलाओं को बाहर से पानी खरीदकर लाना पड़ा।
महिला अस्पताल का समर्सिबल पंप पिछले कुछ दिनों से खराब था लेकिन थोड़ा-थोड़ा पानी आ रहा था। मंगलवार को पंप पूरी तरह ठप हो गया, जिसके कारण पानी की सप्लाई ठप हो गई। गनीमत रही कि महिला अस्पताल में एक अतिरिक्त मोटर है, जिसके सहारे बाथरूम और अन्य जगहों पर पानी की सप्लाई की जा रही थी। मंगलवार को अस्पताल में जहां लगभग 500 गर्भवती महिलाएं आईं, वहीं उनको पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ा। विजय नगर की रहने वाली रीना ने बताया कि वह दस बजे से अस्पताल में हैं। कतार लंबी होने के कारण डेढ़ बजे तक उनकी बारी नहीं आई है। इस दौरान प्यास लगने पर बाहर से बोतल का पानी खरीदकर पीना पड़ा है। वहीं, भाटिया मोड़ की रहने वाली रेखा ने बताया कि 12 बजे से अस्पताल में हैं, लेकिन पीने का पानी कहीं नहीं मिला। बाद में पति बाहर से पानी खरीद कर लाए।
महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. दीपा त्यागी ने बताया कि मोटर जल गई थी, इसलिए नया मोटर लगवाया गया है। अस्पताल में एक अतिरिक्त मोटर की भी व्यवस्था रखी गई है। बुधवार तक पानी की समस्या का पूरी तरह निदान हो जाएगा।