गाजियाबाद। सीआईएससीई की 10वीं (आईसीएसई) और 12वीं (आईएससी) कक्षा का परीक्षा परिणाम जारी होते ही बृहस्पतिवार को जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। इस बार जिले का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा। 10वीं और 12वीं में सभी छात्र-छात्राएं सफल हुए हैं। 10वीं में करीब 2000 और 12वीं में 1400 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। अव्वल आने वाले विद्यार्थियों में छात्राओं का दबदबा रहा।
10वीं में सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल की छात्रा चारुल तयाल ने 99.40 फीसदी, होली चाइल्ड स्कूल की छात्रा शुची अग्रवाल ने 98.60 फीसदी, इसी स्कूल की आन्या सिंह ने 97.60 फीसदी और सेंट पॉल एकेडमी की मुग्धा त्यागी ने भी 97.60 फीसदी अंक हासिल किए हैं। 12वीं में सेंट जोसेफ स्कूल की राखी सिंह ने 98.75 फीसदी और सेंट पॉल एकेडमी की छात्रा नंदनी यादव ने 98.25 फीसदी अंक हासिल किए हैं।
जिले में सीआईएससीई के कोऑर्डिनेटर सेंट जोसेफ स्कूल के फादर सेजा मोसिस ने बताया कि पूरे जिले का ओवरऑल रिजल्ट शत प्रतिशत रहा है। उन्होंने अव्वल आने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।