यह है पूरा मामला
भोवापुर गांव के रहने वाले संजय कुमार पेशे से राजमिस्त्री हैं। उनका सबसे छोटा बेटा केशव (10) गांव के ही एक स्कूल में कक्षा तीन का छात्र था। केशव के भाई अर्जुन ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर गांव का ही एक किसान केशव को बहला-फुसलाकर और 100 रुपये का लालच देकर अपने साथ धान के खेत पर काम कराने ले गया था।
आरोप है कि जंगली जानवरों से फसल की रक्षा करने के लिए किसान ने खेत की तारबंदी में बिजली का हाई-वोल्टेज करंट प्रवाहित कर रखा था। काम करने के दौरान केशव अनजाने में उस कटीले तार के संपर्क में आ गया और गंभीर रूप से झुलसकर बेहोश हो गया।
मासूम को तड़पता छोड़ भागा किसान
हैरानी और संवेदनहीनता की बात यह रही कि बच्चे को करंट की चपेट में आता देख आरोपी किसान उसे बचाने या अस्पताल ले जाने के बजाय मौके से फरार हो गया। करीब दो घंटे बाद जब गांव के एक चरवाहे ने मासूम केशव को खेत में बेसुध पड़ा देखा, तब जाकर परिजनों को इसकी जानकारी मिली। परिजन आनन-फानन में उसे स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। केशव छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था और उसकी मौत से मां राजकुमारी सहित पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तुरंत एक्शन में आई। एसीपी सुनील कुमार भारद्वाज ने बताया कि मृतक बच्चे के पिता संजय कुमार की तहरीर के आधार पर भोवापुर गांव निवासी आरोपी किसान श्रीनिवास उर्फ सीओ के खिलाफ संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस की टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।