गाजियाबाद। गणतंत्र दिवस पर पुलिस कमिश्नरेट के 21 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें से 10 को वीरता के लिए गैलेंट्री अवार्ड दिया जाएगा और 11 को सराहनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया जाएगा। पुलिस आयुक्त को सराहनीय सेवाओं के लिए प्लेटिनम चिन्ह प्रदान किया जाएगा।
पदकों के लिए चुने गए पुलिसकर्मियों की सूची शनिवार की शाम जारी कर दी गई। गैलेंट्री अवार्ड के लिए उन पुलिसकर्मियों को चुना गया है, जिन्होंने अपनी जान की परवाह न करते हुए अदम्य साहस का परिचय दिया। इनमें वे पुलिसकर्मी शामिल हैं, जिन्होंने दुर्दांत अपराधियों को मुठभेड़ में ढेर दिया। साथ ही अग्निश्मन के वे अधिकारी और कर्मचारी है जिन्होंने जान पर खेलकर आग में फंसे लोगों की जान बचाई।
एसएचओ नंदग्राम धर्मपाल सिंह को राष्ट्रपति पदक दिया जाएगा। राष्ट्रपति की ओर से यह पदक बेदाग छवि और लंबे समय तक सराहनीय सेवा देने वाले पुलिसकर्मियों को दिया जाता है। दारोगा विजेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल पुष्पेंद्र कुमार शुक्ला, बालेंद्र कुमार, संदीप कुमार, नाहर सिंह व सतेंद्र सिंह को सराहनीय सेवा के लिए डीजीपी के प्रशंसा चिह्न गोल्ड दिया जाएगा। दरोगा अमित कुमार, दरोगा निशांत चौधरी व सिपाही राजन कुमार को सराहनीय सेवा के लिए डीजीपी के प्रशंसा चिह्न सिल्वर से सम्मानित किया जाएगा।
मुठभेड़ में ढेर किए थे
बिल्लू और राकेश दुजाना
गैलेंट्री अवार्ड के लिए चुने गए पुलिसकर्मियों ने मई 2022 में एक-एक लाख के इनामी अपराधी बिल्लू दुजाना और राकेश दुजाना को मुठभेड़ में मार गिराया था। दोनों दुजाना गिरोह के सक्रिय अपराधी थे और लंबे समय से पुलिस के लिए परेशानी का सबब बने हुए थे। दोनों वेव सिटी में हुए दोहरे हत्याकांड में शामिल रहे थे। इस एनकाउंटर के लिए एसीपी इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार सिंह, इंस्पेक्टर अब्दुर रहमान सिद्दीकी, सिपाही नीरज व संदीप कुमार को गैलेंट्री अवार्ड दिया जाएगा।
आग में फंसे 10 मरीजों
की बचाई थी जान
अगस्त 2023 में इंदिरापुरम के एमिकेयर अस्पताल आग लगी थी। इसमें मरीज फंस गए थे। पूरे अस्पताल में धुआं भर गया था। आग फैलती जा रही थी। मरीजों की जान संकट में थी। ऐसे में मुख्य अग्निश्मन अधिकारी और उनकी टीम ने सभी मरीजों को बाहर निकाला था। पूरी टीम को गैलेंट्री अवार्ड दिया जाएगा। इनमें मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल सिंह, एफएसओ (सेवानिवृत्त) कुंवर सिंह, फायरमैन जोगेंद्र सिंह, प्रह्लाद सिंह राणा, आयुष्मान कुमार शर्मा और अग्निशमन विभाग के चालक सतेंद्र सिंह शामिल हैं।