विजयनगर में छोटे भाई ने की बड़े भाई की हत्या
- फोटो : अमर उजाला
गाजियाबाद के विजयनगर थानाक्षेत्र की कैलाश नगर कॉलोनी में मंगलवार सुबह कुत्ता घुमाने के विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई की हत्या कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। सीओ प्रथम अभय कुमार मिश्र ने बताया कि कैलाश नगर कॉलोनी निवासी अतर सिंह अपने कुत्ते को टहलाने के लिए निकले थे। इसी दौरान उनके छोटे भाई रोबिन से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
इसी विवाद में रोबिन ने सड़क पर पड़े रॉड को उठाकर अतर सिंह के सिर पर मार दिया। रॉड लगते ही अतर सिंह जमीन पर गिरकर तड़पने लगे और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
सगे भाई नहीं थे मृतक व हत्यारोपी....
मृतक अतर सिंह और हत्यारोपी रोबिन सगे भाई नहीं है। बताया गया है कि रामचंद्र की पहली पत्नी से अतर सिंह है, जबकि दूसरी पत्नी से रोबिन है। रामचंद्र की दोनों ही पत्नी का देहांत हो चुका है। बताया गया है कि अतर सिंह रोबिन को तो अपना भाई समझता था, लेकिन रोबिन अतर सिंह को भाई नहीं मानता था और अक्सर उससे संपत्ति व किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा करता रहता था।