गाजियाबाद के मुरादनगर पुलिस ने गंगनहर कांवड़ मार्ग पर सोमवार सुबह दिल्ली से अपहृत छात्रा को बरामद किया है। पुलिस ने छात्रा को परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। मुरादनगर और निवाड़ी पुलिस सुबह से मामले को दबाने में लगी हुई है।
हालांकि पुलिस सूत्रों का कहना है कि छात्रा युवक के साथ अपनी मर्जी से आयी थी। दिल्ली अशोक नगर से सोमवार को एक युवक बाइक से छात्रा का अपहरण कर लाया। युवक बाइक से छात्रा को लेकर गंगनहर कांवड़ मार्ग पर बने रगुलेटर के पास पहुंचा तो कुछ लोगों ने शक होने पर उसे रोक लिया।
छात्रा स्कूल यूनिफार्म में बाइक पर पीछे बैठी थी। पूछताछ में युवक ने छात्रा को अपनी छोटी बहन बताया। लोगों ने गंगनहर पर आने का कारण पूछा तो युवक घबरा गया और सही जवाब नहीं दे पाया।
लोगों ने इसकी सूचना मुरादनगर और निवाड़ी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रा के परिजनों को बुलाकर उन्हें सौंप दिया। पुलिस सूत्रों की मानें तो अपहरण करने वाला युवक दिल्ली में छात्रा के घर के पास काम करता था। एक दो बार उसके घर भी काम किया था।
मामला छात्रा के अपहरण से जुड़ा होने के कारण मुरादनगर और निवाड़ी पुलिस मामले को छिपाने के प्रयास में लगी है। पुलिस युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि छात्रा अपनी मर्जी से युवक के साथ आ गई थी। थानाध्यक्ष आरपी शर्मा ने मामला संज्ञान में होने से इंकार किया है। उधर, निवाड़ी एसओ ने छात्रा के अपहरण से इंकार किया है।