पलवल से गाजियाबाद तक रोजाना सफर करने वाले यात्रियों की परेशानी शुक्रवार से बढ़ जाएगी, क्योंकि रात सवा नौ बजे गाजियाबाद जाने वाली शटल 64051 का परिचालन दस दिनों तक सिर्फ दिल्ली तक ही होगा।
नई दिल्ली से गाजियाबाद के बीच में यह ट्रेन अस्थायी रूप से निरस्त रहेगी। उत्तर रेलवे की ओर से इस बाबत सूचना जारी कर दी गई है। बल्लभगढ़, न्यूटाउन और ओल्ड फरीदाबाद स्टेशन के सूचना केंद्र को भी इस संबंध में निर्देश दिए गए हैं।
इसमें कहा गया है कि घोषणा के साथ ही यात्रियों को बताया जाए कि शटल ट्रेन 10 दिनों तक केवल नई दिल्ली तक ही जाएगी, गाजियाबाद तक नहीं। जानकारी के अनुसार शुक्रवार से गाजियाबाद व साहिबाबाद के बीच बनाए जा रहे रेलवे ओवर ब्रिज पर रेलवे लाइन वाले हिस्से में गार्डर रखने का काम किया जाएगा।
इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे परिचालन पूरी तरह से बंद रहेगा। ऐसे में इस रूट से गुजरने वाले ट्रेनों के रूट को छोटा कर दिया गया है या फिर मार्ग में परिवर्तन किया गया है। इस काम के चलते पलवल से गाजियाबाद को जाने वाली 64051 शटल 24 से 28 जून तक जबकि 30 जून से 4 जुलाई तक केवल नई दिल्ली तक ही जाएगी।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी नीरज शर्मा का कहना है कि इस संबंध में स्टेशनों को सूचना दे दी गई है। साथ ही यात्रियों को पूरी जानकारी देने को कहा गया है।