गाजियाबाद शहर मंगलवार को देश के प्रदूषित शहरों में पहले नंबर पर रहा। शहर का एक्यूआई 435 दर्ज किया गया। जो कि मानकों से चार गुना अधि है। पीएम 10 और पीएम 2.5 में बढ़ोतरी हुई है।
शहर का प्रदूषण स्तर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को प्रदूषण का स्तर चार गुना अधिक रहा। शहर का एक्यूआई 435 प्रति घन मीटर रहा। सोमवार को एक्यूआई 434 रहा था, लेकिन मंगलवार को प्रदूषण का स्तर देश में सबसे ज्यादा रहा। पीएम 10 में और पीएम 2.5 में मुकाबले बढ़ोतरी हुई। पीएम 2.5 का स्तर 273 से बढ़कर 303 पर पहुंच गया। पीएम 10 भी 401 से बढ़कर 464 दर्ज किया गया। जो कि मानकों से करीब पांच गुना ज्यादा है।
वही, दूसरे नंबर पर ग्रेटर नोएडा रहा। यहां पर एक्यूआई 429 दर्ज किया गया। प्रदूषण के चलते दिनभर शहर में धुंध रही। सुबह नौ बजे तक धुंध के चलते दृश्यता कम रही। तीन किमी की रफ्तार से चली हवा से धुंध छटी नहीं। लोगों ने सांस लेने में दिक्कत और आंखों में जलन की शिकायत की। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी अशोक कुमार तिवारी का कहना है हवा की रफ्तार बढ़ने से प्रदूषण में कमी आएगी। अभी स्थिति गंभीर बनी हुई है। मंगलवार को केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की दिल्ली में बैठक हुई, जिसमें प्रदूषण के रोकथाम पर विचार विमर्श किया गया।