फेस्टिवल सीजन में दीपावली और छठ पूजा पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने दिल्ली से पटना तक एक जनसाधारण स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है।
सप्ताह में दो दिन चलने वाली यह ट्रेन 29 सितंबर से 28 नवंबर के बीच चलाई जाएगी। जनसाधारण स्पेशल ट्रेन के स्टॉपेज साहिबाबाद, गाजियाबाद और हापुड़ के स्टेशनों पर दिए गए हैं।
रेलवे के चीफ पीआरओ नीरज शर्मा के मुताबिक त्योहारों पर यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन को संचालित किया जाएगा। इसमें सेकेंड स्लीपर और अनारक्षित कोच लगाए जाएंगे।
दिल्ली से यह ट्रेन सोमवार और बृहस्पतिवार को सुबह 10:45 पर चलेगी और अगले दिन सुबह छह बजे पटना पहुंचेगी। पटना से दिल्ली की ओर यह मंगलवार और शुक्रवार को चलाई जाएगी।
इस ट्रेन का ठहराव साहिबाबाद, गाजियाबाद, हापुड़, अमरोहा, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ और सुल्तानपुर में भी दिया गया है।
स्पेशल ट्रेनों में भी सीटें हुईं फुल, अब तत्काल की बारी
उत्तर रेलवे फेस्टिवल सीजन में कई स्पेशल ट्रेनों को चलाने की घोषणा भी कर चुका है। दीपावली और छठ पर इनमें भी सीटें फुल हो गई है।
इनके अलावा, बिहार, मुंबई, लखनऊ, कानपुर रूट की पहले से संचालित ट्रेनों में भी दीपावली और छठ पर नो-रूम की स्थिति बन गई है।
त्योहारों पर घर जाने वालों को अब तत्काल कोटे से उम्मीद है। दीपावली के आसपास तत्काल टिकटों के लिए भी जबरदस्त मारामारी रहेगी।