गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र की माता कॉलोनी में सोमवार देर रात स्कूटी सवार बदमाशों ने पत्रकार को गोली मार दी। सिर में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुए पत्रकार को यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस मामले में गाजियाबाद पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत नौ लोगों को को गिरफ्तार किया है, वहीं चौकी इंचार्ज राघवेंद्र सस्पेंड कर दिए गए हैं।
विज्ञापन
गौरतलब है कि बीती रात सूचना पर एसएसपी कलानिधि नैथानी समेत जिले के तमाम अधिकारी मौके पर पहुंच गए। परिजनों का आरोप है कि पत्रकार की रिश्तेदारी में एक लड़की से छेड़छाड़ की शिकायत करने पर आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
विजयनगर बाईपास निवासी विक्रम जोशी एक समाचार पत्र से जुड़े हैं। सोमवार रात वह माता कॉलोनी निवासी अपनी बहन के घर गए थे। रात करीब 10:30 बजे बहन के घर से निकलते समय तीन स्कूटी पर आए छह बदमाशों ने उन पर हमला बोल दिया।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि एक बदमाश ने हत्या की नीयत से उन पर गोली चला दी। सिर में गोली लगने से विक्रम जोशी लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। एसएसपी कलानिधि नैथानी, एसपी सिटी डॉ. मनीष मिश्र, सीओ फर्स्ट डॉ. राकेश मिश्र मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
पुलिस की लापरवाही से हुई घटना...
बताया जा रहा है कि विक्रम जोशी के रिश्ते में लगने वाली एक लड़की के साथ कुछ दिन पहले छेड़छाड़ की घटना हुई थी। इस संबंध में थाने में नामजद शिकायत की गई थी। आरोप है कि पुलिस ने कोई कार्यवाही नहीं की, जबकि आरोपी पीड़ित पक्ष को लगातार धमकी दे रहे थे। परिजनों का कहना कि विक्रम जोशी पीड़ित परिवार की पैरवी कर रहे थे। इसी बात को लेकर तैश में आकर आरोपी ने घटना को अंजाम दे डाला।