दिवाली से दो दिन पहले स्मॉग छाने से शहर का प्रदूषण स्तर फिर से खतरनाक स्थिति में पहुंच गया है। सीपीसीबी के आंकड़े में गाजियाबाद शहर सोमवार को प्रदूषित शहरों में दूसरे नंबर पर रहा। शहर का एक्यूआई 447 प्रति घन मीटर रहा। पहले नंबर पर नोएडा रहा, जहां एक्यूआई 448 प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। स्मॉग का असर दृश्यता पर भी पड़ा।
रविवार को शहर के प्रदूषण स्तर में काफी कमी देखी गई थी। शहर का एक्यूआई 147 तक पहुंच गया था। सोमवार को अचानक प्रदूषण के स्तर में बढ़ोतरी हुई। दिनभर एक्यूआई 447 प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। सुबह के समय तो शहर चैंबर बॉक्स में तब्दील हो गया था। पीएम 10 करीब सात से आठ गुना अधिक और पीएम 2.5 का स्तर करीब 11 गुना अधिक तक पहुंच गया था। सुबह छह बजे पीएम 10 का स्तर 765 और पीएम 2.5 करीब 697 प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। प्रदूषण का स्तर ज्यादा होने की वजह से सुबह असमान में स्मॉग छाया रहा। दिनभर लोगों को सांस लेने में दिक्कत और आंखों में जलन की शिकायत रही।
सुबह छह बजे के बाद का डाटा नहीं कराया उपलब्ध
बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए एनजीटी ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को पल-पल का डाटा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। इसको देखते विभाग की तरफ से ऑनलाइन मॉनिटरिंग मशीन लगाई गई। गाजियाबाद के प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वसुंधरा कार्यालय पर लगी मशीन से सुबह छह बजे तक का डाटा उपलब्ध हुआ। इसके बाद ऑनलाइन डॉटा नहीं दिखा।
तारीख पीएम 10 पीएम 2.5 एक्यूआई
29 अक्तूबर 553 341 425
30 अक्तूबर 577 354 449
31 अक्तूबर 555 341 365
1 नवंबर 394 204 377
2 नवंबर 413 232 370
3 नवंबर 341 192 329
4 नवंबर 260 143 147
5 नवबर 424 382 447