मोदी नगर के आदित्य हत्याकांड का फरार आरोपी अजय उर्फ दिनेश को रात में कोतवाली क्षेत्र के मछरी गांव के निकट पुलिस ने मुठभेड़ में पकड़ लिया है। आरोपी को रोके जाने पर उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिससे टांग पर से गोली लगने से सिपाही इरफान हुसैन घायल हो गए हैं। उन्हें गाजियाबाद के एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका उपचार चल रहा है।
अजय के पास से दो तमंचे, कारतूस और एक यामाहा बाइक बरामद हुई। पुलिस मुठभेड़ में बुदाना का रहने वाला अजय का साथी मनीष राठी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गया। बताते चले कि एक सप्ताह पूर्व अधिवक्ता के 11 वर्षीय भतीजे की अपहरण के बाद की गयी हत्या का पुलिस ने खुलासा कुछ दिन पहले कर दिया था। इस मामले में पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया था और घटना में शामिल एक आरोपी दिनेश फरार था।
आपसी रंजिश के चलते हुई थी बच्चे की हत्या
थाना प्रभारी संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि मृतक के चाचा अधिवक्ता मोहित बंसल का पड़ोस में ही रहने वाले कृष्णपाल चौधरी से अतिक्रमण को लेकर विवाद था। विवाद के चलते सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर बनाया गया एक कमरा पुलिस प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया था, जिसे लेकर मोहित व कृष्णपाल के बीच रंजिश चल रही थी। रंजिश के चलते ही कृष्णपाल के भतीजे ने घटना को अंजाम देने के लिये षडयंत्र रचा था।
षडयंत्र के तहत मोहित बंसल के भतीजे आदित्य से उसके पिता की दुकान का पता पूछने के बहाने उसे बाइक पर बैठा लिया था और आदित्य का अपहरण कर सारा रोड के रास्ते गांव शेरपुर मार्ग के जंगल में ले गया। वहां उसकी कपडे (गम्छे) से गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने पहले ही हत्याकांड में शामिल कृष्णपाल के भतीजे निवाड़ी थाना क्षेत्र के गांव शेरपुर निवासी सुधांशु उर्फ जनरल व उसके साथी आकाश उर्फ गोलू उर्फ सूर्या को गिरफ्तार कर अपहरण में प्रयुक्त बाइक, चप्पलें व हत्या में प्रयुक्त गम्छा बरामद कर लिया था।