अतंरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च को हरियाणा राज्य महिला आयोग द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर हरियाणा का नाम रोशन करने वाली महिलाओं तथा लड़कियों को सम्मानित किया जाएगा।
इसमें खेलों, शिक्षा, स्वास्थ्य, समाजसेवा, कला एवं संस्कृति, औद्योगिक, व्यापार एवं वाणिज्य, मनोरंजन आदि के क्षेत्रों से शामिल किया जाएगा। 08 मार्च को गुरुग्राम के स्वतंत्रता सेनानी जिला परिषद् भवन में शाम 03:30 बजे आयोजित होगा।
प्रदेश के सभी जिलों के उपायुक्तों तथा विश्वविद्यालयों के कुलपतियों व मेडिकल कॉलेज के निदेशकों को आयोग द्वारा पत्र भेजकर पात्र महिलाओं व लड़कियों से 5 मार्च तक साधारण कागज पर आवेदन मांगे गए हैं।
उपायुक्तों से जिला की राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, राज्य स्तर तथा स्थानीय स्तर पर सराहनीय कार्य करने वाली महिलाओं व लड़कियों के नामों की सिफारिश करने के लिए कहा गया है।
आयोग की उपाध्यक्ष सुमन दहिया के अनुसार पात्र महिलाएं व लड़कियां साधारण कागज पर अपना बायोडाटा, उपलब्धियों सहित फोटो तथा अन्य सबुत के साथ स्पीड पोस्ट या आयोग की ई-मेल आईडी पर भी भेज सकती हैं।
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, कन्या भ्रूण हत्या रोकने, प्रधानमंत्री जन-धन योजना के तहत बैंक खाते खुलवाने या अटल पेंशन योजना आदि में पर्दे के पीछे से योगदान देने वाली महिलाओं व लड़कियों के नाम भी इसमें शामिल हो सकते हैं।