अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडे ने आज नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर होली के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए किए गए प्रबंधों का जायजा लिया। निरीक्षण में उन्होंने अजमेरी गेट की ओर स्थित प्रवेश द्वार, एस्केलेटर और फुटओवर ब्रिज का अवलोकन किया। उन्होंने स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था का मूल्यांकन किया तथा स्वच्छता और अन्य यात्री सुविधाओं पर यात्रियों से बातचीत कर प्रतिक्रिया ली। महाप्रबंधक ने प्लेटफॉर्म संख्या 16 पर बनाए गए मिनी कंट्रोल रूम का भी दौरा किया और होली के दौरान संभावित अतिरिक्त भीड़ को संभालने की तैयारियों की जानकारी ली। इस अवसर पर दिल्ली मंडल के मंडल रेल प्रबंधक पुष्पेश रमन त्रिपाठी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। महाप्रबंधक ने कहा कि त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने व्यापक प्रबंध किए हैं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि नियमित ट्रेनों के अलावा होली विशेष ट्रेनें भी चलाई जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को सेवाओं की निगरानी और आवश्यकतानुसार सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि त्योहार के दौरान यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराई जा सके।