विधानसभा अध्यक्ष ने 15वीं भारतीय छात्र संसद को संबोधित किया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने महाराष्ट्र के पुणे में 15वीं भारतीय छात्र संसद के उद्घाटन सत्र में कहा कि खेल की तरह राजनीति में भी टीम भावना जरूरी है। खेल में जीत टीम की होती है, लेकिन राजनीति में सच्ची जीत जनता की होनी चाहिए। स्टेडियम से स्टेट्समैनशिप विषय पर बोलते हुए उन्होंने अनुशासन, टीमवर्क और खेल भावना को लोकतंत्र के तीन अहम स्तंभ बताया। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे विरोधियों को दुश्मन नहीं, बल्कि प्रतिद्वंद्वी मानें और हार को शालीनता से स्वीकार करना सीखें। पीएम नरेंद्र मोदी के विकसित भारत2047 विजन का जिक्र करते हुए गुप्ता ने कहा कि देश को ऐसी राजनीतिक संस्कृति चाहिए, जहां योग्यता ही पैमाना हो और जोड़-तोड़ की जगह समर्पण हो। उन्होंने युवाओं से डिजिटल नवाचार के जरिए शासन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।