जीबीयू ने देश की सौ से अधिक बड़ी कंपनियों को कैंपस प्लेसमेंट के लिए आमंत्रित किया है। विवि के कुलपति डॉ. जेपी शर्मा की ओर से कंपनियों को पत्र लिखकर जीबीयू से गुणवत्तापरक शिक्षा पाए विद्यार्थियों को नौकरी के लिए उनकी क्षमता परखने का अनुरोध किया है।
विवि में वर्तमान में साढ़े तीन हजार के करीब विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे है। यदि बड़ी संख्या में कंपनियां कैंपस प्लेसमेंट के लिए आती हैं तो इन विद्यार्थियों को बेहतर मौके मिलेंगे।
पत्र में यह भी लिखा गया है कि जीबीयू नव निर्मित विवि है। कई कंपनियां ऐसी है जिनको विवि की जानकारी नहीं है। ऐसे में कंपनियों से विवि में आकर कैंपस प्लेसमेंट आयोजित करने का आह्वान किया है। बता दें कि जीबीयू की शुरूआत सन 2008 में हुई थी।
बढ़िया इंफ्रास्ट्रक्चर और गुणवत्तापरक शिक्षा देने के बावजूद अभी छात्रों को काफी संख्या में कैंपस प्लेसमेंट नहीं मिल पा रहा है। हालांकि, प्लेसमेंट इंचार्ज विनय लटोरिया ने बताया कि विवि में आई कुछ बड़ी कंपनियों ने यहां के विद्यार्थियों को वर्ष 2015-16 सत्र में करीब 200 से अधिक विद्यार्थियों को कैंपस प्लेसमेंट दिया है।
यहां के विद्यार्थी को 5 लाख 75 हजार का अधिकतम पैकेज भी मिला है। इसके अलावा विद्यार्थियों को 2.65 लाख रुपये का औसत पैकेज मिला है। अब विवि प्रशासन प्रयास कर रहा है कि बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को नौकरी मिल सके।
कुलपति ने नोएडा-ग्रेटर नोएडा, दिल्ली, गुड़गांव, फरीदाबाद, बंगलूरू, पुणे, मुंबई सहित देश के अन्य शहरों में स्थापित 100 बहुराष्ट्रीय कंपनियों को पत्र लिखकर विद्यार्थियों की क्षमता परखने की मांग की है।
विवि में बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और गुणवत्तापरक शिक्षण दिया जा रहा है। इसके अलावा विद्यार्थियों को नौकरी के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। 100 कंपनियों को पत्र लिखकर विद्यार्थियों की प्रतिभा परखने की मांग की गई है।
डॉ. जेपी शर्मा, कुलपति जीबीयू