उत्तर प्रदेश के राठी गैंग का एक गैंगस्टर बैग में पिस्टल और कारतूस लेकर कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन पहुंच गया। एक्सरे मशीन की जांच में इसका खुलासा होने के बाद सीआईएसएफ कर्मी ने आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस को सौंप दिया। उसके बैग से तलाशी के दौरान दो पिस्टल और दस कारतूस मिले। आरोपी की पहचान गांव ढिकोली बागपत यूपी निवासी ज्ञानेंद्र ढाका (40) के रूप में हुई। गैंगस्टर होने का खुलासा होने पर क्राइम और स्पेशल सेल की टीम ने आरोपी से पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार शाम एक युवक कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन पहुंचा। उसके पास एक बैग था। मेट्रो स्टेशन पर पहुंचने के बाद उसने अपने बैग को एक्सरे मशीन में डाला। जांच कर रहे सीआईएसएफ के कर्मी को युवक के बैग में पिस्टल नुमा चीज दिखा। उसने तुरंत बैग को कब्जे में लेकर युवक को अपने हिरासत में ले लिया। बैग की तलाशी लेने पर उसमें दो पिस्टल और दस कारतूस मिले। सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सीआईएसएफ कर्मियों ने युवक को कश्मीरी गेट मेट्रो थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
पूछताछ में पता चला कि ज्ञानेंद्र एक अपराधी है और गैंगवार में शामिल रहा है। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है। मेट्रो पुलिस ने इसकी जानकारी दिल्ली पुलिस की क्राइम और स्पेशल सेल को दी। सूचना मिलते ही दोनों टीमें कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन पहुंची और पकड़े गए ज्ञानेंद्र से पूछताछ शुरू की। पूछताछ में उसने बताया कि उसके गांव में प्रधान के चुनाव के समय दो गुट बन गए थे। दोनों में एक दूसरे के खिलाफ प्रतिद्वंद्विता थी। साल 2000 में प्रमोद की हत्या कर दी गई। उसके बाद से दोनों गुटों के बीच गैंगवार चल रहा है। 28 अक्तूबर को उसने अपने साथियों के साथ मिलकर विरोधी गैंग के प्रदीप की हत्या कर दी। उसके बाद से वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा है।
जांच में पता चला कि बदमाश पर करीब 35-40 मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बरामद पिस्टल मृतक प्रमोद का है। जिसे उसे पिंटू नाम के व्यक्ति ने दिया था। गहन पूछताछ में पता चला कि आरोपी राठी गैंग से जुड़ा हुआ है और गैंगवार के कई मामले में शामिल रहा है। उसपर आठ से अधिक हत्या के मामले दर्ज हैं। सोमवार को पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर जानकारी हासिल कर रही है।