पूर्वी जिला पुलिस ने यूपी के नामी गैंगस्टर अनिल दुजाना के शार्प शूटर को उसके साथी संग गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ 2017 में जीटीबी एंक्लेव में साली के प्रेमी को ट्रक से कुचलकर मार दिया था। इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया था, लेकिन बाद में वह जमानत पर छूट गया, कोर्ट ने आरोपी को भगोड़ा घोषित कर दिया।
वहीं आरोपी ने अनिल दुजाना के इशारे पर गाजियाबाद के मदन स्वीट्स के मालिक से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी, मना करने पर आरोपियों ने उसकी दुकान के बाहर गोलियां चला दी थी। दोनों आरोपी हत्या, हत्या के प्रयास और जबरन वसूली के कई मामलों में शामिल रहे हैं। दोनों ही कोर्ट से भगोड़े घोषित हैं। पुलिस ने एक आरोपी के पास से पिस्तौल बरामद की है।
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त जसमीत सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान गांव सरीफाबाद, रामपुर (गाजियाबाद) निवासी राहुल उर्फ जाट (26) और कुलदीप (25) के रूप में हुई है। सोमवार को लक्ष्मी नगर में पुलिस की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान ललिता पार्क बस स्टैंड के पास पुलिस ने संदिग्ध हालात में घूमते हुए राहुल को देखा।
तलाशी लेने पर उसके पास से एक पिस्तौल बरामद हुई। बाद में उसकी निशानदेही पर इलाके से राहुल के साथी कुलदीप को मंगलवार को दबोच लिया गया। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि राहुल ने अपने साथी अंकित गुर्जर, सुनील तंवर और विक्की उर्फ पहलवान के साथ मिलकर वसूली की रकम न देने पर एक युवक को गोली मार दी थी।
वहीं 2017 में राहुल ने अपनी साली के प्रेमी सागर चौधरी उर्फ चुन्नू को अगवा कर लिया था। वारदात के दौरान उसके साथ कुलदीप, अंकुर, रवि और सतीश थे। आरोपियों ने ट्रक से कुचलकर सागर को मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद वह गिरफ्तार भी हुए, लेकिन जमानत पर आने के बाद दोबारा कोर्ट में पेश नहीं हुए। राहुल के खिलाफ गाजियाबाद के कवि नगर में हत्या का प्रयास और अवैध हथियार के दो मामले दर्ज हैं।