-उत्तर पश्चिम जिला साइबर सेल ने की गिरफ्तारी
-आरोपी ने पीड़ित के क्रेडिट कार्ड से की थी 3.99 लाख की खरीदारी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
उत्तर-पश्चिम जिला साइबर सेल ने एपीके फाइल भेजकर ठगी करने वाले सरगना को बिहार के जमुई से गिरफ्तार किया है। पहचान 26 साल के सचिन के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन और दो एलईडी टीवी बरामद किए हैं। जांच में पता चला कि आरोपी अपराध में सक्रिय रूप से शामिल था तथा पूरे साइबर फ्रॉड मॉड्यूल का मुख्य संचालक था।
जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि शकूरपुर निवासी दीपक ने 3.99 लाख की क्रेडिट कार्ड धोखाधड़ी संबंधी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उसने बताया कि उसे ई-सिम कन्वर्जन के संबंध में एक कॉल आई थी। उसने परिवर्तन को अस्वीकार कर दिया। जिसके कुछ समय बाद उसका मोबाइल नेटवर्क बंद हो गया। अगले दिन जब वह जियो स्टोर गया तो उसे पता चला कि उसके नंबर पर ई-सिम जारी हो चुके हैं और उसका आधार कार्ड भी लॉक किया है। इसके बाद उसने आधार केंद्र जाकर अपना आधार पुनः सक्रिय कराया, नई सिम जारी करवाई तथा अपनी मोबाइल एवं बैंकिंग सेवाएं पुनः शुरू कराईं। मोबाइल बैंकिंग विवरण जांचने पर पता चला कि उसके क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर फ्लिपकार्ट अकाउंट से खरीदारी की गई है। निरीक्षक दिनेश दहिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने धनराशि के ट्रेल की जांच की, जिसमें पाया गया कि राशि शिकायतकर्ता के ही फ्लिपकार्ट अकाउंट में उपयोग की गई थी। ऑर्डर एवं डिलीवरी दिल्ली एवं पटना में अधूरे पतों पर डिलीवर हुए हैं। पीड़ित के फ्लिपकार्ट अकाउंट की जानकारी हासिल करने पर पता चला कि अकाउंट का संचालन जमुई, बिहार से किया जा रहा था।