224 मोबाइल फोन बरामद, पकड़े गए आरोपियों में दो फोन मैकेनिक और तीन खरीदार
नेपाल में जेन-जी प्रोटेस्ट की वजह से एक सप्ताह लेट हुआ पार्सल, पुलिस ने दबोचा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली से चोरी और लूट के मोबाइल को नेपाल भेजने वाले गिरोह का उत्तरी जिला पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान बृंदावन, मुकेश कुमार, विक्की बिंद, विक्की कुमार और विकास पांडेय के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से कुल 224 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पकड़े गए सभी आरोपी बिहार के रहने वाले हैं।
दिल्ली में चोरी, झपटमारी और लूट के मोबाइल खरीदने के बाद आरोपी मुंगेर, बिहार के रास्ते नेपाल भेज देते थे। नेपाल में इनको मोबाइल के अच्छे पैसे मिल जाते थे। नेपाल में जेन-जी प्रोटेस्ट की वजह से यह पार्सल नहीं भेज पा रहे थे। प्रोटेस्ट के कारण इनका पार्सल करीब एक सप्ताह लेट हो गया था। इस बीच पुलिस को इनके बारे मेें मुखबिर से सूचना मिल गई। सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर इनको दबोच लिया।
आरोपियों ने कुछ बरामद मोबाइल से पीड़ितों के बैंक खाते से पैसे भी निकाले
जांच में पुलिस को पता चला कि बरामद कुछ मोबाइल फोन की मदद से आरोपियों ने पीड़ितों के खाते से मोटी रकम भी निकाली है। अभी तक 14 मोबाइल ही उनके मालिकों से कनेक्ट हो पाए हैं। पुलिस बाकी मोबाइल के आईएमईआई नंबर की मदद से उनके मालिकों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पकड़े गए आरोपियों में विक्की कुमार व विकास पांडेय दोनों ही मोबाइल मैकेनिक हैं। विकास पांडेय ग्रेजुएट है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
ऐसे पकड़े गए आरोपी
उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया ने बताया कि स्पेशल स्टाफ के इंस्पेक्टर रोहित सारस्वत व उनकी टीम को गुप्त सूचना मिली थी। मुखबिर ने बताया कि दिल्ली से चोरी, लूट और झपटमारी के मोबाइल को खरीदकर कुछ लोग नेपाल भेज रहे हैं। यह डीआरपी लेन्स, पुल मिठाई रेलवे ट्रैक के पास मोबाइल खरीदते हैं। खबर मिली कि 12 सितंबर को दो बदमाश बृंदावन और मुकेश मोबाइल खरीदकर आनंद विहार से मुंगेर बिहार जाने की तैयारी कर रहे हैं। खबर मिलने के बाद टीम ने दोनों को आनंद विहार से दबोच लिया। इनके पास से कुल 98 मोबाइल बरामद हुए। पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि वह आजाद मार्केट और गफ्फार मार्केट में चोरी के इन मोबाइल के लॉक खुलवाते हैं। दोनों से मिले इनपुट के बाद टीम ने आजाद मार्केट से मोबाइल मैकेनिक विक्की कुमार को दबोच लिया। इसके पास से कुल 38 फोन बरामद हुए। विक्की ने बताया कि जिन मोबाइल के यह लॉक नहीं खोल पाता है, उनको वह गफ्फार मार्केट में विकास के पास भेज देता है। पुलिस ने विकास को दबोच कर उसके पास से 66 मोबाइल फोन बरामद किए। जांच के दौरान टीम को पता चला कि एक अन्य आरोपी विक्की बिंद भी डीआरपी लाइंस की झुग्गियों में चोरी के मोबाइल खरीदता है। पुलिस ने वहां छापा मार कर विक्की बिंद को दबोच लिया। इसके पास से कुल 22 फोन बरामद हुए। पकड़े गए सभी आरोपी एक दूसरे से जुड़े हुए हैं। पुलिस इनसे पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।