रेहड़ी-पटरी वालों और छोटे दुकानदारों को बनाते थे निशाना, 50 से अधिक लोगों से ठगी का आरोप, 20 साइबर शिकायतों से जुड़े मिले बैंक खाते
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली, 31 अक्तूबर। शाहदरा जिला साइबर पुलिस ने खुद को पेटीएम कर्मचारी बताकर रेहड़ी-पटरी वालों और छोटे दुकानदारों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी अब तक 50 से अधिक लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं। इनके बैंक खाते देशभर में दर्ज 20 साइबर शिकायतों से जुड़े मिले हैं। पुलिस ने आरोपियों से छह मोबाइल फोन, सात सिम कार्ड, चार एटीएम कार्ड और नकदी निकासी की तीन पर्चियां बरामद की हैं।
शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि रामअवतार नामक सब्जी विक्रेता ने ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के अनुसार, 20 अक्तूबर को दो युवक उसके पास पहुंचे और खुद को पेटीएम एग्जीक्यूटिव बताया। उन्होंने केवाईसी और क्यूआर कोड साउंड बॉक्स अपडेट करने के बहाने उसका मोबाइल फोन ले लिया। इसके बाद उसके बैंक खाते से दो बार में 95 हजार रुपये निकाल लिए गए। पहली बार 50 हजार और दूसरी बार 45 हजार रुपये निकाले गए।
शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और रकम के मनी ट्रेल की जांच की। इसके आधार पर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
ऐसे चलाते थे ठगी का नेटवर्क :
आरोपियों की पहचान बड़ौत निवासी जुनैद, वजीराबाद निवासी अनस, भलस्वा डेयरी निवासी मोहित और रोहित तथा आया नगर निवासी सुमित के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, जुनैद गिरोह का सरगना है और पहले पेटीएम में काम कर चुका है। उसके मोबाइल से कंपनी का आईडी कार्ड भी मिला है। वह अनस के साथ मिलकर दुकानदारों को निशाना बनाता था।
ठगी की रकम मोहित, रोहित और सुमित के बैंक खातों में भेजी जाती थी। इसके बाद एटीएम से नकदी निकालकर अनस और सुमित तक पहुंचाई जाती थी। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और बाकी वारदातों की जांच कर रही है।