प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसभा क्षेत्र वाराणसी के लिए शुरू की गई नए कोच वाली महामना एक्सप्रेस सोमवार को अपना सफर शुरू करेगी। नई दिल्ली से वाराणसी के लिए चलने वाली इस ट्रेन का स्टॉपेज गाजियाबाद में भी दिया गया है।
महामना के पहले फेरे में गाजियाबाद से करीब 300 से ज्यादा लोग सफर करेंगे। हालांकि अब वेटिंग होने की वजह से सैकड़ों यात्रियों को सीटें नहीं मिल पाएंगी।
नई दिल्ली से ट्रेन शाम 6:35 बजे चलकर 7:13 बजे गाजियाबाद स्टेशन पहुंचेगी और दो मिनट के स्टॉपेज के बाद वाराणसी के लिए रवाना हो जाएगी। अगले दिन सुबह साढ़े आठ बजे यह यात्रियों को वाराणसी पहुंचा देगी।
पहली बार अपना सफर शुरू करने वाली महामना एक्सप्रेस में रिजर्वेशन के लिए मारामारी मची है। 21 जनवरी को इस ट्रेन में रिजर्वेशन शुरू हुए।
अब गाजियाबाद से न तो वाराणसी के लिए सीटें बची और न ही लखनऊ के लिए। विंटर वेकेशन की वजह से रिजर्वेशन कराने वालों की ज्यादा मारामारी है।
गाजियाबाद से फरवरी में भी नहीं मिलेगा रिजर्वेशन
महामना एक्सप्रेस में सफर करने वालों की भीड़ इस कदर है कि अब पूरे फरवरी माह में भी गाजियाबाद से कंफर्म रिजर्वेशन नहीं मिलेगा। 29 फरवरी तक गाजियाबाद से महामना एक्सप्रेस में वेटिंग लिस्ट बन गई है। हालांकि मार्च में अभी सीटें खाली हैं।
सप्ताह में तीन दिन चलेगी महामना
महामना एक्सप्रेस दोनों ओर से सप्ताह में तीन दिन चलेगी। नई दिल्ली से यह ट्रेन सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को रवाना होगी।
वाराणसी से नई दिल्ली के लिए यह ट्रेन मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को रवाना होगी। नई दिल्ली और वाराणसी के बीच यह ट्रेन मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, सुल्तानपुर और जौनपुर सिटी स्टेशन पर भी रुकेगी।