केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने पूर्वी दिल्ली के सांसद व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी को पत्र लिखकर यह सूचित किया है कि राजधानी की कुछ सड़कों को 'भारतमाला परियोजना' के तहत विकसित किया जाएगा ताकि दिल्ली में बढ़ते ट्रैफिक की समस्या से निजात दिलाई जा सके।
इस परियोजना के तहत बनाई जाने वाली सड़क को 'NH-709B' नाम दिया गया है। 'NH-709B' में अक्षरधाम-गीता कॉलोनी-शास्त्री पार्क-खजूरी खास-दिल्ली/यूपी बॉर्डर रोड भी शामिल होंगे। परिवहन मंत्रालय ने इस परियोजना का प्रारूप तैयार कर लिया है। यह सभी सड़कें पूर्वी दिल्ली में हैं इसलिए गडकरी ने पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी को इस परियोजना के संबंध में सूचित करने हेतु पत्र भी भेज दिया है।
नितिन गडकरी ने अपने इस पत्र में लिखा है कि इस राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण को प्रमुखता दी जाएगी। बता दें यह सड़क 6 लेन की होगी जिसके दोनों और सर्विस लेन बनाई जाएगी। इस रोड पर 19 किलोमीटर लंबा एक एलिवेटेड रोड भी होगा जो ट्रैफिक कम करने में अपनी अहम भूमिका अदा करेगा।