गणतंत्र दिवस परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल बुधवार यानि 23 जनवरी को आयोजित की जाएगी। रिहर्सल परेड 9 बजकर 50 मिनट पर विजय चौक से शुरू होकर लालकिला तक जाएगी। परेड विजय चौक से शुरू होकर राजपथ, इंडिया गेट, तिलक मार्ग, डब्ल्यू पाइंट (तिलक ब्रिज), बहादुर शाह जफर मार्ग, सुभाष मार्ग होते हुए लाल किला मैदान पहुंचेगी। वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वह सुबह से लेकर दोपहर बाद तक नई दिल्ली व मध्य दिल्ली में आने से बचें। कई मार्गों के बंद कर दिए जाने के कारण बड़े पैमाने पर बुधवार को ट्रैफिक जाम होने की संभावना है।
दिल्ली पुलिस के संयुक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) आलोक कुमार के अनुसार पड़ोसी राज्यों से अपील की गई है कि 22 जनवरी की रात से भारी वाहनों को दिल्ली की तरफ न आने दें। लोग पहले से अपनी यात्रा को प्लान कर लें। सुबह नौ बजे से लेकर साढ़े बारह बजे तक परेड रूट की तरफ आने से बचे।
ये मार्ग रहेंगे बंद
- 22 जनवरी को शाम साढ़े छह बजे से 23 जनवरी को परेड खत्म होने तक राजपथ विजय चौक से इंडिया गेट तक पूरी तरह बंद रहेगा।
- 22 जनवरी की रात 11 बजे और परेड खत्म होने तक रफी मार्ग, जनपथ, मान सिंह रोड आदि जगहों से राजपथ पर ट्रैफिक को क्रॉस करने पर प्रतिबंध रहेगा
- 23 जनवरी को सुबह सवा नौ बजे से परेड के तिलक मार्ग क्रॉसिंग तक पहुंचने तक सी-हैक्सागॉन-इंडिया गेट बंद रहेगा।
- सुबह साढ़े नौ बजे से राजपाथ पर रफी मार्ग, जनपथ, मान सिंह रोड व सी-हेक्सागन मार्गों से क्रॉसिंग पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी।
- 23 जनवरी को सुबह दस बजे के बाद तिलक मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग, सुभाष मार्ग आदि पर वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। इंडिया गेट सर्किल, आईटीओ चौक व दिल्ली गेट पूरी तरह बंद रहेंगे।
उत्तर-दक्षिण आने-जाने के लिए
उत्तर से दक्षिण की तरफ जाने के लिए रिंग रोड, आश्रम चौक, सराय काले खां, आईपी फ्लाईओवर, राजघाट व रिंग रोड होकर जा सकते हैं। इसके अलावा अरविंदो चौक से लेफ्ट टर्न लेकर, सफदरजंग रोड, कौटिल्या मार्ग, सरदार पटेल मार्ग, मटर टेरेसा क्रिसेंट गोलचक्कर, राममनोहर लोहिया अस्पताल, बाबा खड़क सिंह मार्ग होकर आगे जा सकते हैं। वहीं पृथ्वीराज रोड, साउथ एंड रोड, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, मथुरा रोड होकर आगे जा सकते हैं।
पूर्वी-पश्चिमी आने-जाने के लिए
रिंग रोड, भैरो रोड, मथुरा रोड, एस भारती मार्ग, साउथ एंड रोड, पृथ्वीराज रोड, सफदरजंग रोड, कमल एटातुर्क मार्ग, पंचशील मार्ग, सिमॉन बुलेवर्ड मार्ग व अपर रिज रोड। इसके अलावा रिंग रोड, भैरो रोड, मथुरा रोड, लोधी रोड, अरविंदो मार्ग, सफदरजंग रोड, तीन मूर्ति मार्ग, मदर टेरेसा क्रेसेंट मार्ग, पार्क स्ट्रीट, शंकर रोड व रिंग रोड। तीसरा रास्ता रिंग रोड, बुलेवर्ड मार्ग, बर्फ खाना चौक, रानी झांसी रोड, फैज रोड व देशबंधु गुप्ता रोड आदि जगह होकर जा सकते हैं। वहीं उत्तरी दिल्ली की तरफ से झंडेवालान होकर रानी झांसी रोड, देशबंधु गुप्ता रोड, शीला सिनेमा रोड, पुलबंगस होकर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जा सकते हैं।
कैसे जाएं नई दिल्ली रेलवे स्टेशन
- दक्षिण दिल्ली की तरफ से आने वाले लोग धौला कुंआ, मदर टेरेसा क्रेंसेंट, राममनोहर लोहिया का गोलचक्कर, बाबा खड़क सिंह मार्ग, कनॉट प्लेस का बाहरी सर्किल, चेम्सफोर्ड रोड। पहाड़गंज साइड व मिंटो रोड साइड से भवभूति मार्ग से अजमेरी गेट तक जा सकते हैं।
- उत्तरी दिल्ली की तरफ के लोग झंडेवालान गोलचक्कर, रानी झांसी रोड से लेफ्ट टर्न लेकर देशबंधु गुप्ता रोड, शीला सिनेमा रोड, यहां से लेफ्ट टर्न लेकर पहाड़गंज पुल से नीचे होकर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जा सकते हैं।
- पूर्वी दिल्ली से आने वाले लोग बुलेवर्ड मार्ग, आईएसबीटी पुल से रानी झांसी रोड, झंडेवालान, डीबी गुप्ता रोड, शीला सिनेमा रोड व पहाड़गंज पुल होकर जा सकते हैं।
कैसे जाएं पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन
- दक्षिण दिल्ली से रिंग रोड, आश्रम चौक, सराय काले खां रोड, राजघाट, यमुना बाजार, लेफ्ट लेकर एसपी मुखर्जी मार्ग, छाता रेल, कोडिया पुल होकर जा सकते हैं।
- उत्तरी दिल्ली से बुलवर्ड रोड, मोरी गेट गोलचक्कर, मोरी गेट बाजार, पुल दुफरीन, लेफ्ट लेकर एसपी मुखर्जी मार्ग हो जा सकते है।
सिटी बसें यहां हो जाएंगी खत्म
कृष्णा मेनन मार्ग, उद्योग भवन, सुनहरी बाग रोड, त्यागराज मार्ग, पार्क स्ट्रीट, पहाडगंज का आराम बाग चौक, कमला मार्केट, वेलोड्रम रोड, भैरों मंदिर प्रगति मैदान के पास, हनुमान मंदिर, निगम बोघ घाट, बुद्ध विहार (आईएसबीटी), मोरी गेट व आईएसबीटी सराय काले खां।
एनसीआर क्षेत्र से आने वाली बसें कैसे जाए दिल्ली में गंतव्य स्थान तक
- गाजियाबाद से शिवाजी स्टेडियम जाने वाली बसें एनएच-24, रिंग रोड़, राइट टर्न लेकर भैरो मार्ग होकर बस टर्मिनल भैरो मार्ग पर खत्म हो जाएंगी।
- गाजियाबाद से आने आने वाले सभी बसें मोहन नगर की तरफ मोड़कर वजीराबाद पुल के लिए भोपरा चुंगी से मोड़ दिया जाएगा।
- हरियाणा आदि जगहों से धौला कुंआ की तरफ आने वाली बसें धौला कुंआ पर ही खत्म हो जाएंगी।
- बदरपुर की तरफ से बाहरी राज्यों से आने वाले बसें सराय काले खां पर खत्म हो जाएंगी।
- एनएच-24 की तरफ से आने वाली बसें रोड नंबर 56 से राइट टर्न ले और ये बसें आनंद विहार बस अड्डे पर खत्म हो जाएंगी।
मेट्रो ट्रेन
23 जनवरी को मेट्रो अपने निर्धारित समय से चलेगी। यहां पर स्टेशन बदलने की सुविधा भी होगी। केंद्रीय सचिवालय और उद्योग भवन मेट्रो स्टेशन 23 जनवरी को सुबह पांच बजे से दोपहर 12 बजे तक बंद रहेंगे।
व्यवसायिक वाहनों के आवागमन पर रहेगी पाबंदी
22 जनवरी को रात दस बजे के बाद 23 जनवरी को परेड खत्म होने तक दिल्ली में हल्के और भारी व्यवसायिक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। वहीं सराय काले खां से आईएसबीटी के बीच रिंग पर सुबह साढ़े सात बजे से दोपहर दो बजे तक हल्के व भारी वाहनों के चलने पर रोक रहेगी।
ऑटो व टैक्सी को यहां आने-जाने की अनुमति नहीं होगी
23 जनवरी को सुबह सात बजे से परेड खत्म होने तक ऑटो व टैक्सी को मदर टेरेसा क्रेसेंट, बाबा खडक सिंह मार्ग, पटेल चौक गोल चक्कर तक अशोक रोड, टॉलस्टॉय मार्ग तक संसद मार्ग, केजी मार्ग, फिरोजशाहर रोड, मंडी हाउस गोलचक्कर तक फिरोजशाह रोड, भगवानदास रोड, मथुरा रोड, एसबी मार्ग, हुमांयू रोड, एपीजे अब्दुल कलाम मार्ग, कमल अतातुर्क मार्ग, कौटिल्या मार्ग और सरदार पटेल मार्ग पर आने-जाने की अनुमति नहीं होगी।