एनसीआर में मंगलवार से तापमान में कमी होने का पूर्वानुमान है। इससे सर्दी बढ़ जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम में बदलाव शुरू हो गया है।
तेज ठंडी हवाएं चलने लगी हैं। इनका असर मंगलवार तक क्षेत्र में पहुंच जाएगा। मौसम विशेषज्ञ सर्दी आने में हो रही देरी से परेशान हैं।
इस बार सर्दी के आगमन में देरी हुई है। अक्तूबर खत्म होने को हैं और अभी अगस्त जैसा मौसम चल रहा है। आधी रात तक लोगों को एसी-पंखा चलाने पड़ रहे हैं। एनसीआर में दिन में पसीना बहाना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार 27 अक्तूबर से दिल्ली-एनसीआर में सर्दी बढ़ सकती है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 25-26 अक्तूबर को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का आगाज हो सकता है। इससे तेज बारिश के बाद बर्फबारी हो सकती है।
इससे तापमान में एकाएक गिरावट आएगी। पश्चिमी विक्षोभ का असर दिल्ली-एनसीआर सहित कई राज्यों को प्रभावित करेगा। इससे एनसीआर में हल्की बारिश हो सकती है। तेज ठंडी हवाओं के चलने की भी उम्मीद है।
इससे दिन का तापमान 33 से गिरकर 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 से गिरकर 16 डिग्री सेल्सियस तक हो सकता है।
मौसम वैज्ञानिक डा. विवेकराज सिंह ने बताया कि इससे एनसीआर में सर्दी की शुरूआत हो सकती है। इस बार सर्दी आने में हुई देरी से पर्यावरण असंतुलन का खतरा बढ़ गया है।